शासकीय खेल संस्थान में दूषित पानी पीने से छात्र बीमार:15 दिन से अस्पताल में भर्ती, संस्था में वॉटर कूलर खराब, डाइट भी नहीं मिल रही

शासकीय खेल संस्थान में दूषित पानी पीने से छात्र बीमार:15 दिन से अस्पताल में भर्ती, संस्था में वॉटर कूलर खराब, डाइट भी नहीं मिल रही

सीहोर स्थित शासकीय आवासीय खेलकूद संस्थान में छात्रों की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है। दूषित पानी और खराब भोजन के कारण कई छात्र बीमार पड़ रहे हैं। पड़ताल में सामने आया है कि संस्थान के भीतर लगा वॉटर कूलर सालों से खराब पड़ा है। छात्र छतों पर रखी टंकियों का पानी पीने को मजबूर हैं, जिनकी सफाई भी लंबे समय से नहीं हुई है। इसी दूषित पानी का उपयोग मेस में खाना बनाने के लिए भी किया जा रहा है, और मेस में चारों ओर गंदगी का आलम है। डाइट भी नहीं मिल रही
खिलाड़ियों को मिलने वाली डाइट में भी भारी लापरवाही बरती जा रही है। छात्र हेमंत परमार ने बताया कि मेस में अक्सर कच्ची रोटियां दी जाती हैं और मेनू के अनुसार पौष्टिक भोजन नहीं मिलता। नियमों के मुताबिक ठंड की शुरुआत से ही डाइट में अंडे शामिल होने थे, लेकिन इन्हें अब देना शुरू किया गया है। इस लापरवाही का सबसे बड़ा शिकार नौवीं कक्षा का छात्र योगेंद्र यादव हुआ। दूषित पानी पीने से उसे पीलिया हो गया और हालत इतनी बिगड़ी कि उसे इलाज के लिए अपने घर जाना पड़ा, जहां वह 15 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहा। योगेंद्र की आपबीती से यहां के अन्य छात्रों में भी डर का माहौल है। वीआईटी कॉलेज में खराब क्वालिटी का भोजन
गौरतलब है कि बीते महीनों कोठरी स्थित वीआईटी कॉलेज में भी गुणवत्ताहीन भोजन के कारण अनेक छात्र पीलिया से ग्रस्त हुए थे। इस घटना के बाद छात्रों ने कैंपस में भारी तोड़फोड़ और आगजनी की थी। संस्थान के प्राचार्य आलोक शर्मा ने कहा कि वे जल्द ही व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सुधार के निर्देश देंगे, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *