सीएम ने कहा-गोरखपुर महोत्सव में न हो असुविधा:अधिकारियों के साथ बैठक में दिए निर्देश; तैयारियों के बारे में जाना

सीएम ने कहा-गोरखपुर महोत्सव में न हो असुविधा:अधिकारियों के साथ बैठक में दिए निर्देश; तैयारियों के बारे में जाना

दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने गोरखपुर महोत्सव के बारे में पूछा। सीएम ने कहा कि महोत्सव में आने वाले लोगों को किसी तरह की दिक्कत नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वहां की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। सीएम ने कहा कि महोत्सव में स्थानीय उत्पादों को स्थान मिलना चाहिए। इसी तरह मंच से भी स्थानीय कलाकारों को अधिक से अधिक मौका मिले। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय कलाकारों का चयन कर लिया गया है।
सीएम ने कहा कि सुरक्षा एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। जो लोग महोत्सव में आएं, उनके वाहन खड़ा करने के लिए पार्किंग की बेहतर एवं पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने खिचड़ी मेले की तैयारियां पूरी होने पर संतोष जताया। खिचड़ी मेला सज चुका है और यहां लोगों के आने का सिलसिला जारी है। उन्होंने खिचड़ी के मद्देनजर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करने का निर्देश दिया। कहा कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न होने पाए।
ठंड से बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मेला स्थल पर कहीं भी अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने अलाव, रैन बसेरे, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा ।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शहर में निर्माणाधीन सड़क चौड़ीकरण और ओवरब्रिज से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी हों और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों और यातायात सुविधाओं से न सिर्फ शहरवासियों को राहत मिलेगी, बल्कि आने वाले पर्यटकों को भी सुगम आवागमन मिलेगा।
सीएम ने दो दिन पहले एम्स थाना क्षेत्र में सेवानिवृत्त लेखपाल के घर हुई लूट की घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि दोषियों को शीघ्र पकड़ा जाए। अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *