ग्रेटर नोएडा गौर सिटी निवासी एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने निवेश के बहाने 35 लाख रुपए ठग लिए। उन्हें वॉट्सऐप ग्रुप पर जोड़कर फर्जी ट्रेनिंग दी गई और फर्जी चोला सिक्योरिटीज कंपनी नाम का ऐप डाउनलोड कराया गया। पीड़ित से दो महिलाओं ने बातचीत कर शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए राजी कर लिया। इसके बाद उन्होंने 8 बार में 35 लाख 30 हजार रुपए ठगों के बैंक खाता में ट्रांसफर कर दिए। वहीं निवेश की रकम ऐप पर 1.6 करोड़ मुनाफा दिखाई देने लगी तो पीड़ित ने निकालने की कोशिश की। ठगों ने उनसे 20 प्रतिशत टैक्स जमा करने के लिए बोले। फिर उन्होंने दक्षिण भारत की प्रसिद्ध कंपनी चोला सिक्योरिटीज के ऑफीशियल मोबाइल नंबर के कंस्टमर केयर से बात की। जहां उन्हें जानकारी मिली कि कंपनी की तरफ से कोई ऐप या इंवेस्टमेंट की सेवा नहीं दी जाती है। इसके बाद पीड़ित को ठगी के बारे जानकारी हुई । वॉट्सऐप से किया संपर्क
ग्रेटर नोएडा गैलेक्सी नर्य ऐवेन्यु गौर सिटी 2 निवासी शिशुपाल सिंह ने बताया कि वह प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। साथ में शेयर मार्केट में निवेश करने की रुचि भी रखते हैं। उन्हें 20 सितंबर को नवीसा सायनयम नाम की महिला ने वॉट्सऐप पर संपर्क किया और अपने एक साथी वैलायन सुमैया नाम की महिला से बातचीत कराई। अगले दिन उन्हें चोला सिक्योरिटीज नाम के वॉट्सऐप ग्रुप से जोड़ लिया गया। पहले दी ट्रेनिंग फिर ऐप डाउनलोड कराया
वॉट्सऐप ग्रुप पर जोड़कर पहले उनको शेयर मार्केट में निवेश करने की ट्रेनिंग दी गई। साथ ही उन्हें चोला सिक्योरिटीज कंपनी के नाम पर ऐप डाउनलोड कराया गया। झांसे में आने के बाद पीड़ित ने एक लाख रुपए निवेश कर दिए। ऐप पर मुनाफा बढ़ता देख लालच में आने के बाद 8 बार में कुल 35 लाख 30 हजार रुपए ठगों के बैंक अकाउंट में यूपीआई और अन्य माध्यम से ट्रांसफर कर दिए। 20 प्रतिशत मांगा कमीशन
पीड़ित का आरोप है कि उनकी रकम ओम साई इंटरप्राइजेज करंट बैंक खाता प्राइवेट बैंक शाखा लालबाग और शाखा नारायणपुरा में गई है। वहीं पीड़ित ने ऐप पर 1.6 करोड़ मुनाफा देखने के बाद निकालने की कोशिश तो उनसे ठगों ने 20 प्रतिशत कमीशन के तौर पर रुपए मांगे। जिसके बाद पीड़ित ने कंपनी से बातचीत की, जहां कंस्टमर केयर की तरफ से जानकारी दी गई कि चोला सिक्योरिटीज कंपनी के नाम से कुछ लोग साइबर ठगी कर रहे हैं।


