सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय, उज्जैन में एक बार फिर युवाओं का जोश, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और साहित्यिक विमर्श देखने को मिलेगा। विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जो विश्वविद्यालय परिसर सहित तीन अलग-अलग स्थलों पर आयोजित होगा। उत्सव का शुभारंभ गुरुवार को होगा। उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार, सांसद बालयोगी उमेशनाथ महाराज, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और महापौर मुकेश टटवाल उपस्थित रहेंगे। सीएम आयोजन में वर्चुअली जुड़ेंगे। करीब सात वर्षों बाद सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय को इस राज्य स्तरीय युवा उत्सव की मेजबानी का अवसर मिला है। इस बार के आयोजन को युवाओं के ‘लघु कुंभ’ के रूप में देखा जा रहा है। विश्वविद्यालय द्वारा 8 से 10 जनवरी तक तीन दिवसीय उत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। शुभारंभ समारोह गुरुवार सुबह 10 बजे माधव भवन परिसर स्थित मुक्ता काशी मंच पर होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज करेंगे। उद्घाटन सत्र के पश्चात विश्वविद्यालय परिसर से सांस्कृतिक रैली निकाली जाएगी, जिसका समापन शहीद पार्क पर होगा। 800 विद्यार्थियों का होगा महासंगम
कुलगुरु प्रो. अर्पण भारद्वाज ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताएं कराना नहीं है, बल्कि उज्जैन की ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा से प्रदेशभर से आए विद्यार्थियों को परिचित कराना भी है। तीन दिवसीय उत्सव में मध्यप्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से चयनित लगभग 800 विद्यार्थी भाग लेंगे। उत्सव का समापन 10 जनवरी को होगा। समापन समारोह में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा, जो आगे चलकर राष्ट्रीय स्तर पर मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतिभागी कुल 22 सांस्कृतिक एवं साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।


