सरकारी रास्ते पर कब्जे को लेकर झूठी एफआईआर का आरोप

सरकारी रास्ते पर कब्जे को लेकर झूठी एफआईआर का आरोप

भास्कर संवाददाता| विदिशा| सरकारी जमीन पर अवैध बाउंड्रीवॉल बनाकर रास्ता रोकने और खुद को गोली मारकर ग्रामीणों पर झूठी एफआईआर दर्ज कराने के मामले में सोमवार को मालवीय समाज के दो दर्जन से ज्यादा लोग पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी से मिले। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। मालवीय समाज की ओर से राजकुमार मालवीय ने बताया कि बेदनखेड़ी गांव में मनोज पंथी ने खुद अपने पैर में गोली मारी। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर उनके खिलाफ झूठी रिपोर्ट दर्ज करवा दी। उन्होंने कहा कि रात करीब 12 बजे पुलिस उनके घर पहुंची। नींद से उठाकर थाने ले गई। थाने में पूछताछ के दौरान ही उन्हें पहली बार पता चला कि मनोज को गोली लगी है। राजकुमार मालवीय ने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस साक्ष्य के पुलिस ने उन्हें, प्रकाश और शुभम मालवीय को गोली मारने के आरोप में उठा लिया। जबकि उन्हें घटना की कोई जानकारी नहीं थी। उनका कहना है कि असल विवाद गांव के मंदिर के पास स्थित सरकारी रास्ते को लेकर है। वहां अवैध निर्माण किया गया है। इसी विवाद के चलते बार-बार झूठी एफआईआर कराकर उन्हें परेशान किया जा रहा है। एसपी रोहित काशवानी ने पूरे मामले को गंभीरता से सुना। परिजनों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। कहा कि कार्रवाई केवल तथ्यों के आधार पर ही होगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *