भास्कर न्यूज | अमृतसर अमृतसर शहर को स्वच्छ, सुंदर और कचरा-मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और आधुनिक कदम उठाया है। मंगलवार को मेयर जतिंदर सिंह भाटिया और नगर निगम कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने कंपनी बाग में अत्याधुनिक वैक्यूम बेस्ड लिटर पिकिंग और डस्ट ब्लोइंग मशीन का उद्घाटन किया। यह मशीन वैक्यूम टेक्नोलॉजी की मदद से सड़क के किनारों पर पड़े कूड़े, सूखे पत्तों, प्लास्टिक की थैलियों और छोटे कचरे को तेजी से खींचेगी। यह पूरी तरह से इको-फ्रेंडली तकनीक है, जिससे कम समय में ज्यादा सफाई संभव होगी। मेयर जतिंदर सिंह भाटिया ने कहा कि नगर निगम अमृतसर को हरा-भरा बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि हाल ही में ‘आरआरआर’ कंपनी को कचरा कलेक्शन और ट्रांसपोर्टेशन का ठेका दिया गया है, जिसके तहत नई गाड़ियां सड़कों पर उतारी गई हैं। कमिश्नर बिक्रमजीत सिंह शेरगिल ने कहा कि स्वच्छ वातावरण हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी और मशीनें लाई जाएंगी। इस मौके पर अतिरिक्त आयुक्त सुरिंदर सिंह, मेडिकल ऑफिसर हेल्थ डॉ. योगेश अरोड़ा, सीएसओ मलकीयत सिंह और आरआरआर कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।


