क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटना से लोगों में डर

क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटना से लोगों में डर

भास्कर न्यूज | धालभूमगढ़ धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के नरसिंहगढ़ बाजार में मंगलवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित व्यापारी की पहचान सुबोध साव उर्फ काजू के रूप में हुई है, जो इलाज के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। बुधवार सुबह जब बाजार के अन्य दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि सुबोध साव के घर के गेट का ताला टूटा हुआ है। इसके बाद चोरी की सूचना तत्काल बाहर इलाज करा रहे घर मालिक को दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। समाचार लिखे जाने तक घर के मालिक इलाज कराकर वापस नहीं लौटे थे, जिस कारण चोरी गए सामान और नुकसान का आकलन नहीं हो सका था। पुलिस को अब तक नहीं मिली लिखित शिकायत : इस संबंध में थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा ने बताया कि नरसिंहगढ़ बाजार स्थित एक बंद घर में चोरी की घटना हुई है। घर के मालिक बाहर गए हुए हैं और अभी तक थाना में किसी तरह की लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद पुलिस अब तक चोरों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है। बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में लोगों के बीच भय का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय गश्ती व्यवस्था मजबूत नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *