धालभूमगढ़ | प्लस टू उच्च विद्यालय नरसिंहगढ़ में बुधवार को कक्षा 10 वीं और 12 वीं के विद्यार्थियों को प्री बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम विद्यार्थी तथा अभिभावकों को स्कूल बुलाकर दिखाया गया। इसको लेकर विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा निर्णय लिया गया था। ताकि विद्यार्थियों को केवल अंक ही नहीं, बल्कि उनके शैक्षणिक प्रदर्शन की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा सके। जहां कमी है उसको अपने स्तर से भी सुधार करने का प्रयास करें। प्री टेस्ट की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच के बाद विद्यार्थियों को उनकी उत्तरपुस्तिकाएं दिखाई गईं और वितरित की गईं। इस प्रक्रिया के दौरान संबंधित विषय शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को उनकी कमियों, त्रुटियों तथा सुधार के आवश्यक बिंदुओं पर भी विस्तृत जानकारी देते हुए मार्गदर्शन दिया गया। विद्यालय के प्राचार्य निर्मलेंदु महतो ने जानकारी देते हुए बताया कि प्री बोर्ड परीक्षा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा से पूर्व आत्ममूल्यांकन का अवसर प्रदान करना है, ताकि वे समय रहते अपनी कमजोरियों को पहचानकर उनमें सुधार ला सके। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे शिक्षकों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से अपनाएं और होने वाला बोर्ड परीक्षा की तैयारी पूरे आत्मविश्वास के साथ करें तथा बेहतर अंक प्राप्त करें। मौके पर विद्यालय परिवार की ओर से यह भी बताया गया कि कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष पुनरावृत्ति कक्षाएं एवं अतिरिक्त मार्गदर्शन की व्यवस्था की जा रही है, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी बेहतर परिणाम प्राप्त कर सके। इस दौरान शिक्षक अंबिका दास समिति विद्यालय के अन्य शिक्षक- शिक्षिकाएं उपस्थित थी।


