भास्कर न्यूज | बालोद नाबार्ड की योजनाओं का लाभ लेने लोन दिलाने के नाम पर ग्राम रेंगाडबरी निवासी महेन्द्र कुमार कोमरे सहित 6 लोगों से 27.87 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। महेन्द्र की रिपोर्ट पर बालोद थाने में बैंक के कर्मचारी सहित तीन लोगों के खिलाफ धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार महेन्द्र ने जानकारी दी है कि 3 मई 2024 से 15 जुलाई 2025 तक मेरे अलावा रघुवीर टेकाम, चमरा राम निवासी बावडुटोला, ओम प्रकाश जुर्री निवासी पुनारकसा, लतखोर मण्डावी निवासी विजयपुर, सेवती बाई निवासी मडियाकट्टा के नाम से अमीर खान, हसनुद्दीन उर्फ हसन शेख एवं राकेश तीनों ने सब्सिडी में बोर खनन एवं तार घेरा कराने के लिए नाबार्ड विभाग से लोन दिलाने निजी बैंक शाखा बालोद में खाता खुलवाया। जिसके बाद बैंक पासबुक एवं एटीएम कार्ड को अपने पास रखकर षड़यंत्रपूर्वक लोन राशि को बैंक खाता से निकालकर एवं अन्य खातों में ट्रांसफर एवं नकद प्राप्त कर कुल 27 लाख 87 हजार रुपए की धोखाधड़ी की है। अमीर खान निवासी जारवाही राजनांदगांव, हसनुद्दीन उर्फ हसन शेख निवासी बकलीटोला डौंडीलोहारा और निजी बैंक के कर्मचारी राकेश ने प्लान अनुसार धोखाधड़ी की है। पुलिस के मुताबिक तीनों ने मछली पालन, तार घेरा कराने, बोर खनन एवं सब्जी फार्म बनवाने का झांसा दिया था। निजी बैंक शाखा बालोद में खाता खोलवाने के लिए किसान ऋण पुस्तिका मांगे थे। महेन्द्र ने बताया कि मेरे नाम से 8 लाख रुपए का लोन स्वीकृत कराया गया था। इस संबंध में तीनों ने जानकारी नहीं दी। जब बैंक से लोन राशि वसूली के लिए कर्मचारी आया तब सच्चाई सामने आई। कर्मचारी ने बताया कि आपके नाम से बैंक शाखा बालोद के खाता से दिनांक 3 मई 2024 को 8 लाख रुपए लोन निकाले है लेकिन अब तक किस्त भुगतान नहीं हुआ। जिसके बाद गांव के अन्य लोगों से चर्चा करने पर मालूम हुआ कि लोन के नाम पर कई लोगों से धोखाधड़ी किए हैं।


