लखनऊ की विकासनगर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सामान की सप्लाई के नाम पर 3.79 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले फरार आरोपित को बुधवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। आरोपित पर एचपी कंपनी के कंप्यूटर, लैपटॉप और प्रिंटर की सप्लाई लेकर भुगतान न करने का आरोप है। थाना प्रभारी विकासनगर एसआई आलोक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान जानकीपुरम सेक्टर-एफ निवासी शोभित श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चिनहट के यमुना विहार कॉलोनी का रहने वाला है। मामले में विकासनगर सेक्टर-दो निवासी लोकेश ने 19 जुलाई को थाने में तहरीर दी थी। पीड़ित ने बताया आरोपी ने एचपी कंपनी के इलेक्ट्रॉनिक सामान की सप्लाई के नाम पर करोड़ों रुपये का माल लिया लेकिन भुगतान नहीं किया। बकाया रकम मांगने पर आरोपित ने पैसे देने से इनकार करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। लोकेश ने बताया कि बकाया राशि पर करीब 80 लाख रुपये का जीएसटी वह पहले ही जमा कर चुका है। एसआई आलोक सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर रहे एसआई भानु प्रताप सिंह और मनोज कुमार की टीम ने आरोपित को मल्हौर रोड से गिरफ्तार किया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


