मेरठ में 3 दिन बाद भी तेंदुए का सुराग नहीं:वन विभाग ने लगाया पिंजरा और कैमरा नहीं मिला कोई सबूत

मेरठ में 3 दिन बाद भी तेंदुए का सुराग नहीं:वन विभाग ने लगाया पिंजरा और कैमरा नहीं मिला कोई सबूत

मेरठ कैंट क्षेत्र में गांधीबाग के पास जंगल में रविवार रात तेंदुआ देखे जाने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम पिछले 48 घंटे से अलर्ट मोड पर है। तेंदुए की तलाश में लगातार कॉम्बिंग की जा रही है, हालांकि अब तक उसकी मौजूदगी के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। डीएफओ वंदना फोगाट और एसडीओ अंशु चावला के निर्देशन में वन विभाग की टीम कैंट इलाके में रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। तेंदुए को पकड़ने के लिए जंगल में जाल और पिंजरा लगाया गया है। साथ ही शिकार के तौर पर एक बकरी भी बांधी गई है। बुधवार को भी वन विभाग की टीम ने सैन्य कर्मियों के साथ मिलकर गांधीबाग के आसपास जंगल क्षेत्र में सघन कॉम्बिंग की। इस दौरान लगाए गए ट्रैप कैमरों की भी जांच की गई, लेकिन उनमें तेंदुआ कैद नहीं हो सका। जाल और पिंजरे के आसपास भी तेंदुए की गतिविधि नहीं पाई गई। डीएफओ वंदना फोगाट ने बताया कि फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों को जागरूक किया गया है कि यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *