मुंबई में शिवसेना उम्मीदवार हाजी कुरैशी पर हमला, प्रचार के दौरान पेट में घोंपा चाकू

मुंबई में शिवसेना उम्मीदवार हाजी कुरैशी पर हमला, प्रचार के दौरान पेट में घोंपा चाकू

महाराष्ट्र में नगर निकाय चुनावों (BMC Election 2026) का प्रचार अपने चरम पर है, लेकिन इसी बीच हिंसा की बड़ी वारदातों ने राज्य के सियासी माहौल को गरमा दिया है। मुंबई में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के उम्मीदवार हाजी सलीम कुरैशी पर जानलेवा हमला हुआ है। वहीं अकोला जिले की एक मस्जिद के पास चाकू से हमला किए जाने के बाद कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के उपाध्यक्ष हिदायत पटेल की मौत हो गई। छत्रपति संभाजीनगर में एआईएमआईएम (AIMIM) नेता इम्तियाज जलील की कार को निशाना बनाया गया है।

बांद्रा में शिवसेना उम्मीदवार पर चाकू से हमला

मुंबई के बांद्रा (Bandra) इलाके में बुधवार को चुनाव प्रचार के दौरान शिवसेना (शिंदे गुट) के उम्मीदवार हाजी सलीम कुरैशी पर अज्ञात शख्स ने अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कुरैशी बांद्रा के ज्ञानेश्वर नगर में प्रचार कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके पास आकर उनके पेट में चाकू घोंप दिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते आरोपी फरार हो गया।

हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से कुरैशी को तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। इस घटना के बाद बांद्रा इलाके में तनाव बढ़ गया है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

हाजी कुरैशी मुंबई के वार्ड-92 से शिवसेना के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। वार्ड-92 में कुल 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें एकनाथ शिंदे की शिवसेना से हाजी कुरैशी उम्मीदवार हैं, जबकि शिवसेना (उद्धव ठाकरे) से अरुण कांबले चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस की ओर से इब्राहिम कुरैशी मैदान में हैं। वहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से यूसुफ माडी और समाजवादी पार्टी से शबाना वकील खान उम्मीदवार हैं।

हमले में महाराष्ट्र कांग्रेस उपाध्यक्ष की मौत

मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अकोला जिले के अकोट तालुका के मोहाला गांव की एक मस्जिद के पास कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के उपाध्यक्ष हिदायत पटेल पर चाकू से हमला किया गया। इलाज के दौरान आज उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने बताया कि पटेल (66) मस्जिद में नमाज पढ़कर जैसे ही बाहर आये पुरानी दुश्मनी के चलते एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्हें तुरंत अकोट के एक निजी अस्पताल ले जाया गया और गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *