95% अपराधों का खुलासा CCTV से:विदिशा में ‘दृष्टि 360 डिग्री’ अभियान का लक्ष्य 5 हजार कैमरे

95% अपराधों का खुलासा CCTV से:विदिशा में ‘दृष्टि 360 डिग्री’ अभियान का लक्ष्य 5 हजार कैमरे

विदिशा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ‘दृष्टि 360 डिग्री’ अभियान शुरू किया है। पुलिस के अनुसार, जिले में दर्ज 90 से 95 प्रतिशत अपराधों का खुलासा सीसीटीवी कैमरों की मदद से हो रहा है, जिससे यह तकनीक अपराध नियंत्रण में अत्यंत कारगर सिद्ध हो रही है। पुलिस ने उन स्थानों की पहचान की है जहां अभी तक सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं। इन क्षेत्रों में निजी सहयोग, संस्थागत सहायता और सामाजिक संगठनों के माध्यम से कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। अभियान की शुरुआत में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने 25 हजार रुपये की सहयोग राशि प्रदान की है, जिसका उपयोग संवेदनशील स्थानों पर कैमरे लगाने में किया जाएगा। कॉलोनी, दुकान, बाजार में सीसीटीवी
पुलिस कॉलोनियों, मल्टीस्टोरी भवनों, दुकानों और बाजारों में भी लोगों को सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित कर रही है। जिन स्थानों पर पहले से कैमरे लगे हैं, वहां पुलिस कैमरों का एंगल इस तरह रखने की सलाह दे रही है जिससे घर, दुकान या मल्टी के बाहर की सड़क स्पष्ट रूप से दिखाई दे। इससे अपराध करके भाग रहे आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में सहायता मिलेगी। हाल ही में शहर में हुई एक हत्या की घटना का खुलासा भी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर किया गया, जिससे आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा सका। पुलिस का मानना है कि कई ऐसे अनसुलझे अपराध हैं, जिनमें यदि सीसीटीवी कैमरे लगे होते तो आरोपी अब तक पकड़े जा चुके होते। विदिशा के अतिरिक्त पठारी, गंजबासौदा और सिरोंज में भी व्यापारी और निजी संगठन इस अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। पुलिस ने जिलेभर में लगभग 5000 सीसीटीवी कैमरे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों के साथ-साथ सड़क और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी सहयोग करें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *