उन्नाव में शहीद-ए-आज़म चंद्रशेखर आज़ाद की 120वीं जयंती मनाई गई। इस अवसर पर अचलगंज थाना क्षेत्र के बदरका गांव में एक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आज़ाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अशोक बाजपेई भी विधानसभा अध्यक्ष के साथ मौजूद रहे। आयोजन समिति ने विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना को अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि शहीद चंद्रशेखर आज़ाद भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महान नायक थे, जिन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के सामने कभी घुटने नहीं टेके। उन्होंने कहा कि आज़ाद का संपूर्ण जीवन देश की स्वतंत्रता के लिए समर्पित रहा। महाना ने आगे कहा कि आज़ाद का बलिदान और उनका नारा “दुश्मन की गोलियों का हम सामना करेंगे, आज़ाद ही रहे हैं, आज़ाद ही रहेंगे” आज भी देशवासियों में जोश और देशभक्ति का संचार करता है। उन्होंने युवा पीढ़ी से आज़ाद के विचारों, साहस और राष्ट्रप्रेम से सीख लेकर देश और समाज के निर्माण में सकारात्मक भूमिका निभाने का आह्वान किया। राज्यसभा सांसद अशोक बाजपेई ने भी अपने संबोधन में शहीद चंद्रशेखर आज़ाद को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज़ाद जैसे क्रांतिकारियों के बलिदान के कारण ही देश गुलामी की बेड़ियों से मुक्त हो सका। आयोजक समिति के सदस्यों ने बताया कि बदरका गांव में तीन दिवसीय शहीद चंद्रशेखर आज़ाद जयंती समारोह का आयोजन किया गया है। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, देशभक्ति कार्यक्रम, विचार गोष्ठियां और प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य शहीदों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करना और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है।


