फतेहपुर में ओवरलोड भारी वाहनों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। सड़क हादसों को रोकने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई में टास्क फोर्स की टीम ने 137 भारी वाहनों पर 21 लाख 8 हजार 300 रुपए का जुर्माना लगाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर टास्क फोर्स ने रात में यह अभियान चलाया। इसका मुख्य उद्देश्य मोरम और गिट्टी लादकर चलने वाले ओवरलोड वाहनों से होने वाले राजस्व नुकसान और सड़क हादसों में कमी लाना है। टास्क फोर्स टीम में एडीएम अविनाश त्रिपाठी और अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल शामिल थे, जिन्होंने हाईवे और बांदा सागर मार्ग पर कार्रवाई की। अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र पाल सिंह ने बताया कि 30 दिसंबर से 6 जनवरी के बीच कुल 137 भारी वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 21 लाख 8 हजार 300 रुपये का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा। गौरतलब है कि पूर्व में ओवरलोड भारी वाहनों को निकालने के लिए प्रति वाहन से ‘लोकेटर’ के नाम पर अवैध वसूली की जाती थी। इस वसूली गई रकम में खनिज और एआरटीओ विभाग के अधिकारियों की संलिप्तता सामने आई थी। एसटीएफ लखनऊ ने इस संबंध में थरियांव थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया था, जिसके बाद से जिला प्रशासन ओवरलोड वाहनों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है।


