संभल जिले में एक सड़क हादसे में नीलगाय की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दो महिलाओं सहित चालक बाल-बाल बच गए। यह घटना असमोली थाना क्षेत्र के मढ़न रोड पर हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार के सामने अचानक नीलगाय आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि नीलगाय उछलकर सड़क किनारे खंदी में जा गिरी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। काले रंग की इस चार पहिया गाड़ी को शादाब नामक युवक चला रहा था। गाड़ी में शादाब के साथ दो महिलाएं भी सवार थीं। गाड़ी लगभग 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी, तभी नीलगाय सड़क पर आ गई। टक्कर के बाद नीलगाय करीब 30 से 40 फीट उछलकर खंती में गिरा। इस हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लगभग एक लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। हालांकि, गाड़ी के एयरबैग खुलने के कारण सभी सवार सुरक्षित बच गए। कार चालक शादाब को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की सूचना पर वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और नीलगाय के शव को एक बड़ा गड्ढा खोदकर दबा दिया। थाना असमोली पुलिस ने बताया कि रामपुर जा रहे एक परिवार की गाड़ी से अचानक नीलगाय टकरा गई थी। पुलिस ने पुष्टि की कि गाड़ी में सवार किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई है, लेकिन नीलगाय की मौत हो गई।


