चित्रकूट जिला बार एसोसिएशन के चुनाव परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए गए। मतगणना जिला कचहरी परिसर में दिनभर चली, जिसके बाद नव निर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई। घोषित परिणामों के अनुसार, सुशील कुमार मिश्र को जिला बार एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया है। जितेंद्र कुमार त्रिपाठी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली है। विजय प्रकाश त्रिपाठी ने महासचिव पद पर जीत दर्ज की, जबकि प्रिया देवी संयुक्त सचिव पद पर निर्वाचित हुईं। मतगणना के दौरान सुरक्षा और पारदर्शिता के विशेष इंतजाम किए गए थे। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, जिसकी निगरानी निर्वाचन अधिकारियों की टीम ने की। मतगणना निर्वाचन अधिकारी चंद्रपाल पाल, योगेश कुमार, चुनबद प्रसाद तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी विनीत पयासी, दमयंती और आलोक त्रिपाठी की मौजूदगी में कराई गई। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि एल्डर कमेटी के चेयरमैन बृजाकर शुक्ला एवं समिति के अन्य सदस्यों के निर्देशानुसार पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई और नियमों के अनुसार परिणाम घोषित किए गए। परिणाम घोषित होते ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को अधिवक्ताओं ने बधाई दी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुशील कुमार मिश्र ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और बार एसोसिएशन को सशक्त बनाने के लिए निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया। अन्य पदाधिकारियों ने भी अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान और न्यायिक कार्यों में सहयोग का आश्वासन दिया। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद कचहरी परिसर में जश्न का माहौल रहा और अधिवक्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।


