जबलपुर जिले के पनागर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया। यह कार्रवाई अखिल भारतीय बाघ गणना के दौरान गश्त करते समय की गई। वन अधिकारी सौरभ शर्मा ने बताया कि छत्तरपुर बीट के आरक्षित वन क्षेत्र आरएफ-70 में गश्त के दौरान वन अमले ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रेत का अवैध परिवहन करते हुए पाया। चालक से वैध दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद वन अधिनियम 2022 के तहत ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर पनागर वन परिक्षेत्र के डिपो में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। विभाग ने भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। यह कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक मध्य वन वृत्त जबलपुर कमल अरोरा, वनमंडलाधिकारी सामान्य वनमंडल जबलपुर ऋषि मिश्रा और उपवनमंडलाधिकारी सिहोरा एम.एल. वरकड़े के निर्देशन में की गई।


