फतेहपुर में फैक्ट्री की दीवार गिरी, एक मजदूर की मौत:नाला निर्माण के दौरान हादसा, तीन लोग घायल

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र के सौरा औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार शाम नाला निर्माण के दौरान एक बंद पड़ी फैक्ट्री की जर्जर दीवार गिर गई। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। शाम करीब 4 बजे हुए इस हादसे में दीवार के मलबे में चार मजदूर दब गए थे। आसपास मौजूद लोगों ने जेसीबी मशीन की मदद से सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने सीतापुर निवासी 48 वर्षीय राजेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल मजदूरों की पहचान सीतापुर के हरगांव थाना क्षेत्र के नारे पुरवा निवासी कल्लू (18), कुलदीप (18) और संदीप (32) के रूप में हुई है। घायल मजदूर के साथी केशवलाल ने बताया कि वे सभी नाला निर्माण का कार्य कर रहे थे, तभी बंद पड़ी शारदा फैक्ट्री की दीवार अचानक गिर गई। इसमें राजेंद्र की मौत हो गई और उनके पुत्र कल्लू सहित तीन मजदूर घायल हो गए। थाना प्रभारी राज किशोर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि औद्योगिक क्षेत्र मलवां में नाला निर्माण के दौरान दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हुई है और तीन अन्य घायल हुए हैं, जिनकी हालत गंभीर है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *