गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर इन दिनों लगातार ट्रेनों के देर से पहुंचने का सिलसिला जारी है। इससे स्टेशन पर पहले से मौजूद यात्रियों को कड़ाके की ठंड में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्री घंटों प्लेटफॉर्म पर ठंड में बैठकर अपनी ट्रेन का इंतजार करने को मजबूर हैं।
सोमवार को कई प्रमुख ट्रेनें अपने तय समय से काफी देरी से गोरखपुर स्टेशन पहुंचीं। सबसे ज्यादा देरी से वरौनी–नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन पहुंची, जो अपने निर्धारित समय से करीब 21 घंटे लेट थी। इसके अलावा 02564 नई दिल्ली–बरौनी स्पेशल 12 घंटे, 05001 झांसी–गोरखपुर मेल 7 घंटे, 12556 गोरखधाम एक्सप्रेस लगभग 3 घंटे और 19038 अवध एक्सप्रेस भी करीब 3 घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। कुल मिलाकर करीब 15 ट्रेनें अपने समय से लेट रहीं।
ट्रेनों की देरी से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ठंड के मौसम में प्लेटफॉर्म पर रुकना यात्रियों के लिए मुश्किल हो गया है। यात्रियों का कहना है कि अगर रेलवे अतिरिक्त ट्रेनें चलाए तो भीड़ कम होगी और लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
इस मामले में रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ठंड और कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार कम कर दी गई है, जिससे ट्रेनें देर से पहुंच रही हैं। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त पिट लाइन की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण फिलहाल एक्स्ट्रा ट्रेनें चलाना संभव नहीं है।


