सलमान खान बैटल ऑफ गलवान के बाद एक्शन कॉमेडी फिल्म में नजर आ सकते हैं। एक्टर और द फैमिली मैन सीरीज की मशहूर फिल्ममेकर जोड़ी राज और डीके की इस सिलसिले में बातचीत हुई है। पिंकविला की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान ने दोनों के साथ इस प्रोजेक्ट में काफी दिलचस्पी दिखाई है। इस फिल्म में एक्टर को एक अलग अंदाज में पेश किया जाएगा। ये एक्शन कॉमेडी फिल्म सलमान खान के ऑनस्क्रीन और ऑफ स्क्रीन व्यक्तित्व के साथ अच्छी तरह से मैच करती होगी, जिसे राज और डीके अपने स्टाइल में पेश करेंगे। हालांकि, ये प्रोजेक्ट अभी शुरुआती बातचीत के दौर में है। सलमान ने इस प्रोजेक्ट के लिए अब तक हामी नहीं भरी है। अगर मेकर्स और एक्टर के बीच सबकुछ ठीक रहा और बात बनी तो फिल्म की शूटिंग इस साल की आखिरी में शुरू हो सकती है। फिलहाल मेकर्स का ध्यान स्क्रिप्ट और क्रिएटिव तरीकों पर है। वहीं, एक्टर की अपकमिंग फिल्म बैटल ऑफ गलवान की बात करें तो ये 2020 में गलवान घाटी में भारत और चीन की सेनाओं के बीच हुई खतरनाक झड़प पर आधारित है। जो बिना एक भी गोली चलाए लड़ी गई थी। ये जंग 15,000 फीट की ऊंचाई पर लड़ी गई थी। इस फिल्म को सलमान खान फिल्म्स प्रोड्यूस और अपूर्व लाखिया डायरेक्ट कर रहे हैं। इसमें सलमान के अपोजिट अभिनेत्री चित्रागंदा सिंह नजर आएंगी। साथ ही फिल्म में कई नए चेहरे भी दिखेंगे। फिल्म में सलमान कर्नल बी.संतोष बाबू की भूमिका में नजर आएंगे। ये फिल्म 17 अप्रैल को रिलीज होने जा रही है।


