कोंडागांव में पुलिस पर बस चढ़ाने का प्रयास:जाम के दौरान गलत दिशा से कर रहा था ओवरटेक,पुलिस ने रोका तो ड्राइवर ने की बदसलूकी,गिरफ्तार

कोंडागांव जिले की केशकाल घाटी में एक बस ड्राइवर ने पुलिसकर्मियों पर बस चढ़ाने का प्रयास किया। यह घटना रविवार, 4 जनवरी की रात को हुई, जब पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभाल रहे थे। पुलिस की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। रविवार, 4 जनवरी की रात केशकाल घाटी में भारी जाम लगा हुआ था। इसी दौरान जगदलपुर से नागपुर जा रही बस (क्रमांक CG-17-LC-5355) का ड्राइवर तेज रफ्तार में गलत दिशा से ओवरटेक कर रहा था। विश्रामपुरी चौक पर तैनात पुलिस दल ने जब उसे रोकने का प्रयास किया, तो ड्राइवर ने बस रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर बस चढ़ाने की कोशिश की। आरोपी ने पुलिस अधिकारियों से गाली-गलौज की इसके बाद, आरोपी ड्राइवर बस से उतरकर पुलिस अधिकारियों से गाली-गलौज करने लगा और मारपीट पर उतारू हो गया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। शिकायत पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज डीएसएफ आरक्षक उमेशदास मानिकपुरी की रिपोर्ट पर थाना केशकाल में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109, 121(1), 132 और 296 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को पकड़ा पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेंद्र देव पटेल के मार्गदर्शन में और एसडीओपी अरुण नेताम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी विकास बघेल के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुष्पेंद्र कुमार कोर्राम (29 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सिंगनपुर खासपारा, थाना केशकाल, जिला कोंडागांव का निवासी है और वर्तमान में लोकमान्य तिलक वार्ड, धरमपुरा, जगदलपुर में रहता है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक विकास बघेल, उप निरीक्षक निहार रंजन मंडल, हेमंत देवांगन, बुधमल समरथ, प्रधान आरक्षक माधुरी रावटे, आरक्षक मनोहर निषाद, कमलेश कंवर, धर्मेंद्र नेगी और लोकेश्वर तारम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *