डूंगरपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन एरिया डॉमिनेशन’ के तहत एक बड़ा अभियान चलाकर 221 वांछित और फरार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस की 53 टीमों ने 12 घंटे के भीतर जिले भर में 257 स्थानों पर दबिश दी। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि वांछित, मफरूर और फरार चल रहे आरोपियों के साथ-साथ असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए यह अभियान चलाया गया। अभियान के तहत जिले के सभी थाना प्रभारियों को बदमाशों को पकड़ने के निर्देश दिए गए थे। कुल 53 टीमों में 196 अधिकारी और जवान शामिल थे, जिन्होंने आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 221 बदमाशों और असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया। हालांकि, कुछ बदमाश पुलिस की कार्रवाई देखकर फरार होने में सफल रहे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सर्वाधिक 71 हिस्ट्रीशीटर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी, हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती के मामलों में 9 आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस ने 9 स्थायी और उद्घोषित अपराधियों, 6 सामान्य प्रकरणों में वांछितों, 65 शांति भंग और अन्य धाराओं में वांछितों को भी गिरफ्तार किया। संपत्ति अपराधों में 20, एनडीपीएस एक्ट में 8 और आबकारी एक्ट में 21 चालानशुदा व्यक्तियों को पाबंद किया गया।


