अयोध्या में दो भाइयों में मारपीट:कुचेरा बाजार में हुई घटना, पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया

अयोध्या में दो भाइयों में मारपीट:कुचेरा बाजार में हुई घटना, पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया

सोशल मीडिया पर दो सगे भाइयों के बीच मारपीट का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना कोतवाली इनायत नगर क्षेत्र के कुचेरा बाजार में शाहगंज मोड़ पर हुई बताई जा रही है। वीडियो में दोनों भाई सरेआम एक-दूसरे से मारपीट करते दिख रहे हैं। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कई लोग दोनों भाइयों को अलग करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन वे लगातार एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। मारपीट के दौरान एक युवक के गिरने पर दूसरे ने ईंट उठाकर सिर पर हमला करने की कोशिश की, जिसे मौके पर मौजूद लोगों ने रोक दिया। इसके बाद दूसरे युवक ने पास जल रहे अलाव से लकड़ी उठाकर हमला किया, जिसे भी लोगों ने बीच-बचाव कर रोक दिया। जानकारी के अनुसार, मारपीट करने वाले दोनों युवक सगे भाई हैं और शराब के नशे में थे। वे कुचेरा बाजार में हंगामा कर रहे थे। सूचना मिलने पर इनायत नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों की पहचान मेरमा गांव निवासी पवन और पंकज सिंह के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि वे शाहगंज मोड़ पर अपनी बाइक खड़ी करके आपस में बातचीत कर रहे थे। किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इस घटना से आसपास की दुकानें भी प्रभावित हुईं। शाहगंज मोड़ पर हुई इस घटना को देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो गए थे। इनायत नगर थानाध्यक्ष रतन शर्मा ने बताया कि दोनों भाइयों को थाने में बिठाकर पूछताछ की जा रही है। मारपीट के वास्तविक कारण का पता लगाया जा रहा है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *