सिंगरौली के सरई प्रीमियर लीग में नो-बॉल पर विवाद:दो टीमों में मारपीट, एक खिलाड़ी घायल; पुलिस ने शांत कराया मामला

सिंगरौली के सरई प्रीमियर लीग में नो-बॉल पर विवाद:दो टीमों में मारपीट, एक खिलाड़ी घायल; पुलिस ने शांत कराया मामला

सिंगरौली जिले के सरई में आयोजित सरई प्रीमियर लीग क्रिकेट मैच के दौरान रविवार को दो टीमों के बीच मारपीट हो गई। नो-बॉल के एक फैसले पर शुरू हुए विवाद में एक खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर से खून बहने लगा। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को मौके पर बुलाना पड़ा, जिसके बाद मामला शांत हुआ। यह घटना सरई क्रिकेट मैदान पर स्थानीय सरई क्रिकेट टीम और झारा गांव की टीम के बीच मुकाबले के दौरान हुई। मैच के अंतिम ओवरों में अंपायर ने एक गेंद को नो-बॉल करार दिया। इसी नो-बॉल पर सरई टीम के बल्लेबाज ने छक्का जड़ दिया, जो मैच का निर्णायक शॉट साबित हुआ। इस फैसले के बाद झारा टीम के खिलाड़ियों ने अंपायर के निर्णय पर आपत्ति जताते हुए मैदान पर बहस शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि बहस के दौरान झारा टीम के कुछ खिलाड़ियों और उनके समर्थकों ने मिलकर सरई टीम के एक खिलाड़ी पर हमला कर दिया। मारपीट में खिलाड़ी के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में दर्शक मैदान पर जमा हो गए, जिससे तनाव का माहौल बन गया। स्थिति को बिगड़ता देख सरई पुलिस को सूचना दी गई। लिखित शिकायत पर करेंगे कार्रवाई थाना प्रभारी जितेंद्र भदोरिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। उन्होंने बताया कि यह खिलाड़ियों के बीच आपसी विवाद था, कोई बड़ी आपराधिक घटना नहीं है, लेकिन खेल के मैदान पर ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए थी। घायल खिलाड़ी को तत्काल इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है, तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *