नारनौल में पूर्व मंत्री ने इंद्रजीत को कहा बबर शेर:बिना नाम लिए बोले, जो भी उनके सामने आता, कर देते हैं उसका शिकार

नारनौल में पूर्व मंत्री ने इंद्रजीत को कहा बबर शेर:बिना नाम लिए बोले, जो भी उनके सामने आता, कर देते हैं उसका शिकार

हरियाणा के नारनौल में आज पूर्व मंत्री डा. अभय सिंह ने अपनी ही पार्टी के केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के खिलाफ जमकर जहर उगला। उन्होंने राव इंद्रजीत सिंह का नाम लिए बगैर उनको बबर शेर बताया। उन्होंने कहा कि वे बबर शेर हैं तथा शिकार करना उनकी आदत है। इस दौरान महेंद्रगढ़ के विधायक कंवर सिंह भी मौजूद रहे। वे आज गांव भुंगारका में नववर्ष मिलन समारोह को संबोधित कर रहे थे। अहीरवाल की राजनीति को लेकर पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र की राजनीति को कुछ लोग अपनी निजी जागीर समझ बैठे हैं और नए लोगों, खासकर नवयुवकों को आगे बढ़ने का मौका नहीं दिया जा रहा। डॉ. अभय सिंह ने कहा कि अहीरवाल की राजनीति में “बब्बर शेर” बनकर कुछ नेता दूसरों का शिकार करते हैं और उनके लिए अपने-पराए जैसा कुछ नहीं होता। रास्ते से हटाया जाता है डॉ. अभय सिंह ने कहा कि जब भी कोई सामान्य परिवार का व्यक्ति राजनीति में कुछ करने की सोच के साथ आगे आता है, तो उसे केवल इस डर से रास्ते से हटा दिया जाता है कि कहीं वह भविष्य में उनकी विरासत के लिए खतरा न बन जाए। उन्होंने सवाल उठाया कि यह सिलसिला आखिर कब तक चलेगा। उन्होंने कहा कि अगर राजनीति में केवल एक ही परिवार की खुशामद करने वालों को ही जगह मिलेगी, तो क्षेत्र की राजनीति किस दिशा में जाएगी, यह जनता को सोचना होगा। 50 साल में नहीं कराया कोई काम पूर्व मंत्री ने राव इंद्रजीत सिंह की उपलब्धियों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर समर्थक यह जरूर गिनाते हैं कि कोई नेता पांच बार सांसद रहा, तीन बार मंत्री रहा या विधायक रहा, लेकिन यह भी बताना चाहिए कि 50 साल तक सत्ता में रहने के बाद इलाके के लिए ठोस काम क्या किए गए। उन्होंने कहा कि जब इन सवालों पर चर्चा शुरू होती है, तो कुछ लोगों को असहजता होने लगती है। सीएम बनने का देखते हैं सपना डॉ. अभय सिंह ने राव इंद्रजीत सिंह के मुख्यमंत्री बनने की चर्चाओं पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री बनने के सपने देखते हैं। कई सालों से विधायकों से सीएम के खिलाफ बुलवाते हैं। कभी वर्करों से कुछ करवाते हैं। कभी अलग संगठन खड़ा करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कोई खुद नहीं बनता, बल्कि पार्टी हाईकमान बनाता है। पार्टी की अपनी मर्यादाएं और प्रक्रियाएं होती हैं, जिनके तहत निर्णय लिया जाता है। एक हाउस नेताओं की नहीं मूर्खों की नर्सरी उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि किसी ने एक “हाउस” को नेताओं की नर्सरी बताया, जिस पर उन्हें हंसी आई। उन्होंने कहा कि नर्सरी सिर्फ पौधों की नहीं, मूर्खों की भी होती है और जनता तय करेगी कि कौन-सी नर्सरी चलाई जा रही है। वोट जनता का अधिकार उन्होंने कहा कि उनका एक कार्यकर्ता लिखता है कि भाजपा को सीधे वोट नहीं देना, इससे पार्टी का कोई एहसान नहीं है, वोट उनके नेता के माध्यम से दें, ताकि अहसान बना रहे। उन्होंने कहा कि वोट जनता का अधिकार है, न कि किसी व्यक्ति की ठेकेदारी। अगर एक व्यक्ति को वोटों का ठेकेदार बना दिया जाएगा, तो लोकतंत्र कहां तक बचेगा। एक घर की जेब में बंद हो गई राजनीति डॉ. अभय सिंह ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे विचार करें कि क्या क्षेत्र की राजनीति को एक घर की जेब में बंद कर देना सही है। उन्होंने कहा कि उन्हें चुनाव हारने का दुख नहीं है, बल्कि चुनाव के दौरान फैलाए गए जुमलों और साजिशों का दुख है। उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवाद फैलाया गया, कुछ गांवों में यह कहा गया कि वह किसी विशेष जाति के नेता हो गए हैं, जबकि विधायक की कोई जाति नहीं होती। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी के भीतर ही कुछ बड़े नेताओं ने उनके खिलाफ काम किया और षड्यंत्र रचकर उन्हें हराया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *