फिरोजाबाद में एक ट्रांसपोर्टर का अपहरण कर हत्या कर दी गई। रविवार को ट्रांसपोर्टर बालमुकुंद दुबे का शव सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में बरामद हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी, महावीर नगर निवासी 50 वर्षीय बालमुकुंद दुबे पेशे से ट्रांसपोर्टर थे। वह माल लोड कराकर कैंटर से थाना उत्तर क्षेत्र के ककरऊ कोठी स्थित ऑल इंडिया ट्रांसपोर्ट पर माल उतरवाने पहुंचे थे। उनके साथ कैंटर चालक सुभाष भी मौजूद था। इसी दौरान, बाइक सवार चार युवक मौके पर पहुंचे और माल उतरवाने को लेकर विवाद करने लगे। आरोप है कि चारों युवकों ने ट्रांसपोर्टर बालमुकुंद दुबे और चालक सुभाष को कैंटर सहित अगवा कर लिया। कैंटर के साथ मौजूद एक अन्य ट्रांसपोर्टर शिवशंकर को वहीं छोड़ दिया गया। घटना के बाद शिवशंकर ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और अन्य ट्रांसपोर्टर साथियों को भी मामले से अवगत कराया। थाना उत्तर पुलिस ने अपहरण की सूचना पर जांच शुरू कर दी थी। थाना नारखी क्षेत्र के शाहपुर इलाके में सड़क किनारे एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। युवक खून से लथपथ अवस्था में था। पुलिस ने शव को सरकारी ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शव की पहचान अपहृत ट्रांसपोर्टर बालमुकुंद दुबे के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, बालमुकुंद दुबे का अपने पार्टनर ठाकुर गजेंद्र सिंह से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते वह स्वयं माल उतरवाने चालक के साथ आए थे। पुलिस इस एंगल से भी मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी रविशंकर प्रसाद ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत की और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अपहरण व हत्या में शामिल आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।


