भिवानी की एक कॉलोनी निवासी एक नाबालिग छात्र ने डांट फटकार के बाद घर छोड़ने का मामला सामने आया है। जिसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज करके उसकी तलाश आरंभ कर दी। हालांकि लापता किशोर का घर से जाने से पहले एक लड़के के साथ झगड़ा भी हुआ था। भिवानी की डाबर कॉलोनी निवासी एक महिला ने अनाज मंडी पुलिस चौकी में शिकायत दी। शिकायत में बताया कि उसके भाई का लड़का करीब पिछले 3 साल से उसके पास ही रहता है। जिसकी उम्र करीब 16 साल है। वहीं किशोर भिवानी के ही एक प्राइवेट स्कूल में 9वीं कक्षा का छात्र है। शिकायतकर्ता ने बताया कि नाबालिग 2 जनवरी की शाम को कॉलोनी में ही किसी काम से गया था, लेकिन वह दूसरी गली में चला गया और उसने वहां पर एक लड़के के साथ झगड़ा कर लिया। इसके बाद नाबालिग किशोर घर वापस आ गया। वहीं जिस लड़के के साथ झगड़ा हुआ था, उसकी मां भी उल्हाना लेकर घर आ गई। इसके बाद नाबालिग की बुआ ने उससे (नाबालिग से) कहा कि बेटा यह गलत बात है। इसके बाद व छत पर चली गई और पीछे से नाबालिग किशोर घर से लापता हो गया। जब वह छत से नीचे आई तो उसने देखा कि 9वीं का छात्र वहां कहीं पर भी नहीं था। उसने कहा कि उसका भतीजा डर के मारे कहीं चला गया है। जिसे हर जगह तलाश लिया, लेकिन कहीं पर नहीं मिला। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दे दी। साथ ही कहा कि करीब डेढ़ साल पहले भी यह नाबालिग घर से लापता हो गया था, लेकिन जल्दी ही मिल गया। जांच में जुटी पुलिस
अनाज मंडी पुलिस चौकी के एएसआई कमल ने बताया कि उन्हें नाबालिग लड़का घर से लापता होने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। वहीं पुलिस टीम नाबालिग लड़के की तलाश करने में जुटी हुई है। जल्दी ही उसे तलाश कर लिया जाएगा।


