मफलर जलता रहा, वो मंत्री का इस्तीफा मांगता रहा:पं. प्रदीप मिश्रा बोले- RSS भगवान शिव की तरह; ‘बाहुबली’ बनकर सांड की सवारी

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। कांग्रेस कार्यकर्ता में ऐसा जोश कि होश ही नहीं
इंदौर में दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर कांग्रेस प्रदेशभर में सरकार और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। इस दौरान कार्यकर्ताओं का जोश हाई नजर आ रहा है। इसी जोश में कार्यकर्ता जोखिम भी ले रहे हैं। ऐसी ही तस्वीर गुना में नजर आई। जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजयवर्गीय का पुतला जलाया। इस दौरान एक कार्यकर्ता के मफलर में आग लग गई। उसे ये होश ही नहीं रहा कि उसका मफलर जल रहा है। वह इसी हालत में प्रदर्शन करता रहा। हालांकि बाद में उसके साथी ने आग बुझाई। वहीं एक कार्यकर्ता की पेंट खिसकती नजर आ रही है। वह पेंट को संभाल रहा है और प्रदर्शन भी कर रहा है। इस वीडियो को देखकर लोग तंज कर रहे हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ता भी जोश और उत्साह से लबरेज हैं। दिग्विजय सिंह खामो खां भाजपा और संघ के संगठन की तारीफ कर रहे हैं। पटवारी बोले- हमारा संगठन भाजपा से मजबूत
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा मजबूत है। कांग्रेस का संगठन भाजपा से भी मजबूत है। बस इसे लाइनअप करने की जरूरत है। जीतू पटवारी के इस बयान को दिग्विजय सिंह के उस बयान का जवाब माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने भाजपा और संघ के संगठन की तारीफ की थी। जीतू पटवारी से सवाल भी दिग्विजय के उसी बयान को लेकर किया गया था। वैसे कांग्रेस संगठन को लाइनअप करने के लिए पटवारी जमीन पर उतर आए हैं। गांव-गांव, पंचायत-पंचायत तक दौड़ लगा रहे हैं। जमीनी स्तर पर संगठन बना रहे हैं। चौपाल लगाकर कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर खुद नियुक्तियां कर रहे हैं। खरी बात ये है कि अभी तो पटवारी अकेले मैदान में नजर आ रहे हैं। पूरी टीम मैदान में उतरे तो कुछ बात बने। लोग कह रहे हैं कि कांग्रेस गुटबाजी में बुरी तरह फंसी है। जिसे एक करने के लिए पटवारी को खूब पापड़ बेलने पड़ेंगे। दिग्विजय सिंह की बात पर पं. प्रदीप मिश्रा की मुहर
कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की तुलना भगवान शिव से कर दी है। राजधानी भोपाल में संघ के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि शिव भी विष पीते हैं और राष्ट्र की रक्षा करते हैं, संघ भी विष पिता है और राष्ट्र की रक्षा में लगा हुआ है। अब पंडित प्रदीप मिश्रा के इस बयान से कोई खुश हो न हो, दिग्विजय सिंह खुश हो सकते हैं। क्योंकि उन्होंने हाल ही में भाजपा और संघ के संगठन की तारीफ की थी। अब पंडित प्रदीप मिश्रा ने उनकी बात पर मुहर जो लगा दी है। कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों पर चढ़ा धुरंधर का नशा
फिल्म ‘धुरंधर’ का एक गाना सोशल मीडिया पर खूब छाया हुआ है। लोग इस गाने पर अक्षय खन्ना की स्टाइल में डांस कर वीडियो बना रहे हैं और सोशल मीडिया पोस्ट कर रहे हैं।
सरकार कर्मचारी भी पीछे नहीं हैं। छिंदवाड़ा में कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों ने भी इस गाने पर डांस करते हुए रील बनाई। एक साथ 34 कर्मचारी इस गाने पर थिरके। बताया जा रहा है कि यह रील नए साल के मौके पर एक-दूसरे को बधाई देने के दौरान बनाई गई थी। इसका वीडियो सामने आने के बाद लोग इस पर सवाल भी उठा रहे हैं कि क्या सरकारी दफ्तर के परिसर इस तरह की रील और मनोरंजन के लिए सही जगह है। शराब के नशे में युवक ने की सांड की सवारी
ग्वालियर में एक अनोखा वीडियो सामने आया है। जिसमें शराब के नशे में चूर एक युवक सांड के ऊपर बैठ गया। वो काफी देर तक सांड की पीठ पर बैठा रहा और वहीं पर स्मोकिंग भी की। युवक काफी देर से सांड के ऊपर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। लेकिन सांड उसे बैठने नहीं दे रहा था। जिसके बाद शराबी युवक ने सांड के हाथ जोड़े, उसके पैर छूए और उसके सिर पर सिर रख दिया। मानो वह सांड से मिन्नतें कर रहा हो। और आखिरकार वह सांड के ऊपर बैठ ही गया। ये वीडियो देखकर लोग कह रहे हैं कि शराब गले में उतरती है तो फिर होश कहां रहता है, आदमी बाहुबली बन जाता है। सुरूर है सुरूर..। युवक शराब के नशे में था। ये वीडियो देखकर ऐसा करने की कोशिश न करें। ये खतरनाक भी हो सकता है। ये भी पढ़ें – सीएम ने बीच में रोका भाजपा विधायक का भाषण: मंच पर बदली मुख्यमंत्री की कुर्सी सीएम मोहन यादव ने मंच पर भाजपा विधायक का भाषण रोक दिया। सीएम उज्जैन के खाचरोद पहुंचे थे। वे जल्दी में थे, उन्हें जबलपुर जाना था। लेकिन मंच पर संबोधित कर रहे नागदा-खाचरोद विधायक तेज बहादुर सिंह चौहान बोलते ही जा रहे थे। रुकने का नाम ही नहीं ले रहे थे। पूरी खबर पढ़ें

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *