पहाड़ों में बर्फबारी के बाद मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में शनिवार को तापमान शून्य से नीचे चला गया, जबकि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान समेत मैदानी इलाकों में ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की चेतावनी दी है। मध्य प्रदेश के भोपाल में सर्दी के इस सीजन में पहली बार पूरे दिन घना कोहरा रहा। 11 शहरों में दिन का तापमान 20 डिग्री से नीचे रहा। मौसम विभाग के अनुसार अगले 15 दिन शीतलहर का अलर्ट है। राजस्थान के सीकर, हनुमानगढ़ समेत 10 जिलों में भी शुक्रवार को घना कोहरा छाया रहा। पिछले 24 घंटों में सीकर जिले का फतेहपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर, राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में घना से मध्यम कोहरा बना रह सकता है। मौसम विभाग ने रविवार के लिए घने कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.2 डिग्री ज्यादा रहा। उधर, कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड है। घाटी के अधिकतर इलाकों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। शनिवार को उत्तर कश्मीर का गुलमर्ग सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। राज्यों में मौसम की 4 तस्वीरें… अगले 2 दिन मौसम का हाल… 5 जनवरी: पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी 6 जनवरी: मैदानी राज्यों में बारिश
राजस्थान में घना कोहरा, फतेहपुर में पारा 2.8° पहुंचा:MP में अगले 15 दिन शीतलहर का अलर्ट; कश्मीर-हिमाचल में बर्फबारी से तापमान 0° से नीचे


