गोरखपुर महोत्सव के आयोजन की तिथि धीरे-धीरे नजदीक आ रही है। 11 जनवरी को इसका उद्घाटन किया जाएगा। 17 जनवरी तक चलने वाले इस आयोजन को भव्य बनाने की तैयारी है। DM दीपक मीणा व SSP राजकरन नैय्यर ने शनिवार को चंपा देवी पार्क स्थित आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने समय से तैयारियां पूरी करने को कहा है। मुख्य पांडाल में अभी 4000 कुर्सियां लगने की व्यवस्था है। DM ने इसे बढ़ाने का निर्देश दिया है। माना जा रहा है कि लगभग 5000 कुर्सियां लगाई जाएंगी। पहले तीन दिन मुख्य मंच से आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। दूसरे दिन होने वाली भोजपुरी नाइट पर खास नजर होगी। रामगढ़ताल के किनारे चंपा देवी पार्क में गोरखपुर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर प्रवेश के लिए बनाए जा रहे वीआईपी प्रवेश द्वार एवं आम आदमी के प्रवेश द्वार के बारे में जानकारी ली। गाड़ियां पार्क करने के लिए बनाई जाने वाली पार्किंग भी देखी। उन्होंने मुख्य पांडाल का निरीक्षण किया।
शिल्प मेला, पुस्तक मेला, विज्ञान प्रदर्शनी एवं कृषि मेला के लिए बनाए जा रहे स्थान का भी निरीक्षण किया। DM ने कहा कि किसी भी कीमत पर आयोजन स्थल पर धूल नहीं उड़नी चाहिए। निरीक्षण के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष आनन्द वर्द्धन, सहायक अभियंता एके तायल आदि उपस्थित रहे। पवन सिंह बिखेरेंगे भोजपुरी गीतों का जलवा आयोजन के तहत 11, 12 व 13 जनवरी को मुख्य मंच से बड़े कलाकारों द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। 12 जनवरी को भोजपुरी नाइट का आयोजन किया जाएगा। भोजपुरी गायक एवं अभिनेता पवन सिंह इस दिन प्रस्तुति देंगे। उनके कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। गत वर्ष भोजपुरी नाइट के दौरान पीछे की ओर थोड़ी देर के लिए भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस को लाठियां भांजनी पड़ी थीं। इस बार भी काफी सतर्कता बरती जाएगी। भोजपुरी नाइट में गोरखपुर के सांसद रविकिशन भी अपनी प्रस्तुति देंगे। बादशाह के गीतों पर झूमेंगे लोग इस कार्यक्रम में बादशाह के गीतों पर लोगों को झूमने का अवसर मिलेगा। बॉलीवुड नाइट के दौरान बादशाह का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसी दिन भजन संध्या में विधायक मैथिली ठाकुर भजन प्रस्तुत करेंगी। पहले दिन यानी 11 जनवरी को वरुण जैन अपनी प्रस्तुति देंगे।


