Bilaspur Road Accident: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। अमरकंटक जा रही एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में रायपुर के दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा कोटा थाना अंतर्गत बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम भसको के पास हुआ। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग रायपुर से पूर्णिमा स्नान के लिए अमरकंटक जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गई और सीधे पेड़ से जा टकराई।
रायपुर के 2 लोगों की मौत
हादसे में रामकुमार धीवर (45) निवासी कचना, थाना खम्हारडीह रायपुर और राजकुमार साहू की मौत हो गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिसके चलते राजकुमार साहू और आगे बैठा एक अन्य युवक करीब दो घंटे तक कार में ही फंसे रहे। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने शवों और घायलों को बाहर निकाला।
तीन की हालत गंभीर
घायलों में कार चालक निलेश्वर धीवर (38) निवासी दलदल सिवनी रायपुर, सुखसागर मानिकपुरी (39) निवासी मजेठा थाना खरोरा और अमित चंद्रवंशी (39) निवासी दलदल सिवनी, मोवा रायपुर शामिल हैं। हादसे में चालक निलेश्वर धीवर के दोनों पैर टूट गए और वह कार में बुरी तरह फंस गया था। तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की जानकारी मृतकों और घायलों के परिजनों को दी गई। इसके बाद परिजन रायपुर से रतनपुर पहुंचे, जहां उनकी मौजूदगी में दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए, जिन्हें रायपुर ले जाया गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


