NIA कर रही नालागढ़ बम विस्फोट की जांच : हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू

NIA कर रही नालागढ़ बम विस्फोट की जांच : हिमाचल के मुख्यमंत्री सुक्खू

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) सोलन जिले के नालागढ़ बम विस्फोट की जांच कर रहा है और एजेंसी की रिपोर्ट आने के बाद ही इस घटना के दोषियों के बारे में कोई जानकारी मिल पाएगी।
उन्होंने सोलन जिले में संवाददाताओं से कहा कि राज्य के फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से नमूने लिए हैं और इलाके की सीसीटीवी फुटेज की भी पड़ताल की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कंडाघाट में दिव्यांगजनों के लिए उत्कृष्टता केंद्र की आधारशिला रखने के बाद कहा कि चूंकि मामला जांच के अधीन है, इसलिए एनआईए की रिपोर्ट आने के बाद ही इस घटना के दोषियों के बारे में कोई जानकारी सामने आ पाएगी।

सोलन जिले के नालागढ़ स्थित एक थाने के पास बृहस्पतिवार तड़के हुए एक धमाके की तेज आवाज से निवासियों की नींद खुल गई।
हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
गली में हुए इस धमाके का असर इतना जोरदार था कि आसपास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं जिसमें 40 मीटर दूर स्थित सेना की कैंटीन की खिड़की भी शामिल थी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की तेज आवाज 400-500 मीटर की दूरी तक सुनाई दी।
बब्बर खालसा इंटरनेशनल और पंजाब सॉवरेनिटी एलायंस ने सोशल मीडिया पोस्ट में इस विस्फोट की जिम्मेदारी ली, हालांकि अब तक यह सत्यापित नहीं हुआ है।

पोस्ट में दावा किया गया था कि विस्फोट के लिए एक आईईडी का इस्तेमाल किया गया और यह विस्फोट पुलिस द्वारा ‘‘हिमाचल प्रदेश में निर्मित ‘सिंथेटिक ड्रग’ की पंजाब में तस्करी के खिलाफ कार्रवाई न करने’’ के प्रतिशोध में किया गया।

इसमें कहा गया था कि अगर इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो पुलिस प्रशासन के वाहनों और मुख्यालयों में आईईडी लगाए जाएंगे।
पुलिस ने बताया था कि नालागढ़ थाने में बीएनएस की धारा 324(4) व 125 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *