सोहना में अतिक्रमण पर विधायक तंवर सख्त:बोले- शहर-गांवों में बर्दाश्त नहीं होगा अवैध कब्जा; मार्केट कमेटी अध्यक्ष ने संभाला काम

सोहना में अतिक्रमण पर विधायक तंवर सख्त:बोले- शहर-गांवों में बर्दाश्त नहीं होगा अवैध कब्जा; मार्केट कमेटी अध्यक्ष ने संभाला काम

गुरुग्राम जिले के सोहना में विधायक तेजपाल तंवर ने शहर और गांवों में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे इसके लिए नागरिकों की नाराजगी झेलनी पड़े या किसी को नुकसान उठाना पड़े। विधायक तंवर मार्केट कमेटी परिसर में आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। विधायक ने कहा कि अतिक्रमण ने न केवल शहर की सूरत बिगाड़ दी है, बल्कि गांवों में भी रास्तों पर कब्जे के कारण आम लोगों को पैदल चलने और वाहनों की आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन और स्थानीय निकायों से अपील की कि इस समस्या पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके। रेहड़ी-पटरी वालों को दिए निर्देश—निर्धारित स्थानों पर ही लगाएं ठेला समारोह के दौरान विधायक ने मार्केट कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष दयाराम लोहिया और उपाध्यक्ष अशोक बंसल को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने रेहड़ी-पटरी वालों को निर्देश दिए कि वे अपनी रेहड़ियां केवल निर्धारित स्थानों पर ही लगाएं। विधायक ने बताया कि शहर के स्थानीय रेहड़ी वालों के लिए अलग से चिन्हित स्थान उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि यातायात और बाजार व्यवस्था प्रभावित न हो। बाहरी अतिक्रमणकारियों और अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई तेजपाल तंवर ने चेतावनी दी कि बाहरी लोग जो रेहड़ी के नाम पर अतिक्रमण करने के साथ-साथ अपराध को भी बढ़ावा दे रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। विधायक ने मार्केट कमेटी में फीस चोरी के मामलों पर भी चिंता जताई और जल्द ही इस पर प्रभावी अंकुश लगाने का आश्वासन दिया। किसानों के लिए बनेगी आधुनिक अनाज मंडी किसानों के हितों की बात करते हुए विधायक तंवर ने घोषणा की कि शहर से बाहर किसानों के लिए एक विशाल और आधुनिक अनाज मंडी का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और कृषि उत्पादों की बिक्री में पारदर्शिता आएगी। मंडी परिसर में होंगे विकास कार्य, अध्यक्ष ने बताईं प्राथमिकताएं नवनियुक्त मार्केट कमेटी अध्यक्ष दयाराम लोहिया ने कहा कि मंडी परिसर में खाली पड़ी जगह पर टाइलें लगाई जाएंगी और आधुनिक शौचालयों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने मंडी को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने का संकल्प दोहराया। समारोह में कई गणमान्य व्यक्ति रहे मौजूद इस अवसर पर व्यापार मंडल प्रधान मनोज बजरंगी, मार्केट कमेटी के उपप्रधान अशोक बंसल, सुभाष बंसल, भाजपा नेता यसवीर राघव, ओम भामला सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। समारोह में विधायक तंवर के वक्तव्य और घोषणाओं का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *