सोनीपत जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से एक बार फिर जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक आयोजित करने जा रहा है। इस बैठक में लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाएगा और संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
डीसी सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक 03 जनवरी, शनिवार को आयोजित की जाएगी। यह बैठक प्रातः 10:30 बजे लघु सचिवालय के तृतीय तल स्थित सभागार में शुरू होगी। राज्यमंत्री गौरव गौतम करेंगे अध्यक्षता
बैठक की अध्यक्षता हरियाणा सरकार के युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता राज्यमंत्री तथा जिला परिवाद एवं कष्ट निवारण समिति के अध्यक्ष गौरव गौतम करेंगे। उनके नेतृत्व में बैठक के दौरान सभी परिवादों की क्रमवार समीक्षा की जाएगी।
आमजन की समस्याओं की होगी सुनवाई
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे समिति के समक्ष रख सकेंगे। अधिकारियों द्वारा प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा।
राज्यमंत्री गौरव गौतम बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे, ताकि आमजन को राहत मिल सके और शिकायतों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित हो।


