सोनीपत में यमुना नदी के पुनरुद्धार और औद्योगिक प्रदूषण पर सख्ती को लेकर प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HSPCB) के सदस्य सचिव योगेश कुमार, आईएएस की अध्यक्षता में लघु सचिवालय में जिला स्तरीय स्पेशल टास्क फोर्स (DSTF) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदूषण नियंत्रण, औद्योगिक निगरानी और लापरवाही पर कार्रवाई को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए गए।
यमुना पुनरुद्धार सरकार की प्राथमिकता
बैठक की अध्यक्षता करते हुए योगेश कुमार ने कहा कि यमुना नदी को प्रदूषण मुक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दिशा में सभी विभाग समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आमजन को स्वच्छ पर्यावरण देना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
औद्योगिक क्षेत्रों में सीसीटीवी अनिवार्य
सदस्य सचिव ने जिले के सभी औद्योगिक क्षेत्रों के संपत्ति प्रबंधकों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह के भीतर प्रवेश व निकास द्वारों पर बीएनआर आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही नियंत्रण कक्ष स्थापित कर 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए। अवैध टैंकरों पर विशेष अभियान
पुलिस विभाग के सहयोग से औद्योगिक क्षेत्रों में प्रवेश करने वाले अवैध टैंकरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। ऐसे टैंकरों के चालान कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों में बने अवैध प्रवेश द्वारों को तुरंत बंद करने के आदेश भी जारी किए गए।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि लकड़ी से लदे ट्रकों पर विशेष निगरानी रखी जाए, क्योंकि एनसीआर क्षेत्र में लकड़ी जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध है। नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इसके अलावा ठोस, प्लास्टिक और खतरनाक अपशिष्ट खुले में डालने वाली इकाइयों पर भी सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
सीईटीपी-एसटीपी की समीक्षा, स्थानीय समस्याओं पर चर्चा
बैठक में जिले में संचालित सीईटीपी और एसटीपी की स्थिति की समीक्षा की गई। जठेड़ी रोड पर जलभराव और नाथूपुर क्षेत्र में फैले कचरे की समस्या पर चर्चा कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि एक सप्ताह के भीतर किए गए कार्यों की रिपोर्ट फोटो और वीडियो सहित हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को प्रस्तुत करें। बैठक में गैरहाजिर रहे विभागों के अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश भी दिए गए। बैठक के उपरांत सदस्य सचिव योगेश कुमार ने बड़े औद्योगिक संघों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रचेता सिंह, सीटीएम डॉ. अनमोल, एसीपी राजपाल सिंह, एसई हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जे.पी. सिंह, तकनीकी सलाहकार बाबूराम, आरओ अजय सिंह, डीडीपीओ मनीष मलिक, डीटीपी अजमेर सिंह, विभिन्न विभागों के एक्सईएन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


