ग्वालियर में तेज रफ्तार वाहन ने राहगीर को रौंदा, मौत:ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी के पास कुचला; मौके से चालक फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

ग्वालियर में तेज रफ्तार वाहन ने राहगीर को रौंदा, मौत:ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी के पास कुचला; मौके से चालक फरार, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

ग्वालियर में हिट एंड रन में एक युवक की मौत हो गई। गुरुवार रात तेज रफ्तार वाहन ने सड़क पार कर रहे एक राहगीर को रौंद दिया। यह घटना ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के सामने हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश के बांदा का रहने वाला था और ग्वालियर में रहकर काम करता था। पुलिस राहगीर को रौंदने वाले वाहन की तलाश कर रही है। तेज रफ्तार वाहन ने युवक को रौंदा, मौत उत्तर प्रदेश के बांदा निवासी 40 वर्षीय मंगल सिंह सेंगर ग्वालियर के मोतीझील इलाके में रहते थे। वह यहां एक फर्म में कर्मचारी थे। गुरुवार रात मंगल सिंह पैदल घर लौट रहे थे। ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी के पास भदौरिया पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपी चालक वाहन को तेज गति से भगा ले गया। राहगीरों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने काफी देर तक शिनाख्त के प्रयास किए। शिनाख्त होने पर पुलिस ने मृतक के परिजन को हादसे की जानकारी दी। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मृतक मंगल सिंह का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजन को सौंप दिया। बहोड़ापुर थाने के एएसआई दलवीर सिंह ने बताया कि परिजन फिलहाल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। CCTV कैमरे खंगाल रही है पुलिस
पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और उस वाहन की तलाश की जा रही है, जिससे हादसा हुआ था। आरोपी वाहन का पता लगाने के लिए पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़ी अहम जानकारी मिल सके। कंटेनर की टक्कर से दो घायल ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र के सिकरोदा तिराहा पर एक बार फिर हादसा हो गया। कंटेनर चालक की लापरवाही से पहले दो युवक घायल हुए और बाद में भागने की कोशिश के दौरान उसने भूसे से भरी ट्रॉली में टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली सड़क पर पलट गई। बताया जाता है कि सिकरोदा तिराहा से पहले हाईवे पर एक पुलिया है, जहां से गांव रबार में रहने वाले राहुल बघेल और बल्ली गौड़ पुलिया से होते हुए जा रहे थे। इसी दौरान कंटेनर नंबर एचआर-55-एडब्ल्यू-7132 के चालक ने लापरवाही दिखाते हुए वाहन को लहरा दिया। इससे राहुल बघेल और बल्ली गौड़ कंटेनर की चपेट में आ गए। हादसे में राहुल बघेल का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि बल्ली गौड़ के सिर और छाती में चोटें आईं। युवकों को टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक कंटेनर को भगा ले जाने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान आगे चल रही भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से कंटेनर की टक्कर हो गई, जिससे ट्रॉली सड़क पर पलट गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *