बारां में 15 दिन से सड़क निर्माण अधूरा:खुले सीवरेज चैंबर से हादसों का खतरा, लोग परेशान

बारां में 15 दिन से सड़क निर्माण अधूरा:खुले सीवरेज चैंबर से हादसों का खतरा, लोग परेशान

बारां शहर के प्रताप चौक स्थित सत्संग भवन की गली में पिछले लगभग 15 दिनों से सड़क निर्माण कार्य रुका हुआ है। नगर परिषद द्वारा यहां इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जाना था, लेकिन संवेदक ने काम अधूरा छोड़ दिया है। कुछ समय पहले इंटरलॉकिंग से पूर्व पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) का कार्य तो पूरा कर लिया गया था, लेकिन उसके बाद से निर्माण कार्य पूरी तरह बंद है। सड़क के बीच में खुले पड़े सीवरेज चैंबर हादसों का कारण बन रहे हैं। पैदल राहगीरों, दोपहिया वाहन ड्राइवरों और बुजुर्गों के लिए यह मार्ग खतरनाक हो गया है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, अंधेरे में खुले चैंबर दिखाई नहीं देते, जिससे कई लोग गिरकर चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और संवेदक ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। यह मार्ग शहर की सब्जी मंडी, श्रीजी चौक, चौमुखा और मंडोला वार्ड सहित कई प्रमुख इलाकों को जोड़ता है। इस रास्ते से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की आवाजाही होती है। सड़क अधूरी रहने से न केवल आवाजाही बाधित हो रहा है, बल्कि व्यापारियों और आम नागरिकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात और रात के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से मांग की है कि संवेदक को जल्द से जल्द काम पूरा करने के लिए पाबंद किया जाए। साथ ही, जब तक निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होता, तब तक खुले सीवरेज चैंबरों को सुरक्षित रूप से ढका जाए ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *