सोनीपत में आपसी रंजिश के चलते एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर एक ही गांव के छह लोगों ने साजिश के तहत लाठियों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव लिवासपुर के रहने वाले कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे विकास के घर पुत्र जन्म हुआ था। शाम करीब 7:45 बजे वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव की सड़क पर आरोपियों ने अपनी बोलेरो गाड़ी आगे अड़ा दी और रास्ता रोक लिया।
घर पहुंचते ही लाठियों से जानलेवा हमला
पीड़ित के अनुसार किसी तरह गाड़ी निकालकर वह घर पहुंचा और जैसे ही गाड़ी से उतरा, पीछे से सभी आरोपी लाठियां लेकर उस पर टूट पड़े। हमलावरों ने सिर पर वार किए। बचाव में हाथ उठाने पर दोनों हाथों में भी चोटें आईं, जबकि सिर में गहरी चोट लगी।
कृष्ण कुमार ने बताया कि शोर मचाने पर उसकी पत्नी घर से बाहर आई और इसी बीच उसका भाई अत्तर सिंह भी मौके पर पहुंच गया। अन्य ग्रामीणों के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
112 पर कॉल, अस्पताल में मेडिकल
घटना के बाद पीड़ित ने 112 नंबर पर कॉल की। पुलिस मौके पर पहुंची और मेडिकल कराने के निर्देश दिए। इसके बाद कृष्ण कुमार ने सरकारी अस्पताल सोनीपत में एमएलआर कटवाया और सीटी स्कैन भी कराया गया। मेडिकल रिपोर्ट में तीन चोटें दर्ज की गईं।
आरोप है कि उसका आरोपियों के साथ पहले से जमीन को लेकर मुकदमा चल रहा है। इसी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया। उसने यह भी बताया कि हमले के समय आरोपी शराब के नशे में थे।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने एमएलआर रिपोर्ट के आधार पर थाना बहालगढ़ में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(3), 190, 115(2), 126(2) और 351(3) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जांच अधिकारी को सौंपी गई जांच
मुकदमा दर्ज होने के बाद इसकी प्रतियां उच्च अधिकारियों और क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट को भेज दी गई हैं। मामले की जांच पीएसआई सुरेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


