Tariq Anwar favour Nana Patole: कांग्रेस नेता विवादित बयानों के चलते आलोचनाओं का शिकार हो रहे हैं। अब एक बार फिर विवादित बयान के बाद कांग्रेस के कद्दावर नेता नाना पटोले कड़ी आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।
हाल ही में नाना पटोले ने भगवान राम की तुलना कांग्रेस नेता राहुल गांधी से की है। उन्होंने भगवान राम के कामों का हवाला देते हुए कहा कि राहुल गांधी राम जी के काम को ही आगे बढ़ा रहे हैं और उन्हीं के आदर्शों पर चल रहे हैं।
मीडिया से बात करते हुए, नाना पटोले ने राहुल गांधी के द्वारा राम मंदिर नहीं जाने पर “दिखावा” शब्द का जिक्र किया और कहा कि मंदिर जाकर राहुल गांधी को दिखावा करना नहीं आता है। इसके बाद तारिक अनवर ने बचाव करते हुए कहा कि कोई अपमान नहीं हुआ। पटोले ने सही कहा है।
राहुल गांधी मंदिर जाएंगे या नहीं?
राहुल गांधी अभी तक राम मंदिर नहीं गए हैं। इस बीच उनको कड़ी आलोचनाओं को भी झेलना पड़ा है। इस विषय पर बात करते हुए नाना पटोले ने कहा कि “भगवान राम हर किसी के दिल और विचारों में होते हैं। शोषित और पीड़ित लोगों की सेवा करना व उन्हें न्याय दिलाना भगवान श्रीराम का काम था और आज वही काम राहुल गांधी कर रहे हैं।”
नाना पटोले ने राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से करते हुए कहा कि राहुल गांधी भगवान राम के काम को ही आगे बढ़ा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “राहुल गांधी जब चाहेंगे अयोध्या जाएंगे और रामलला का दर्शन करेंगे, क्योंकि रामलला के मंदिर का ताला राजीव गांधी ने ही खुलवाया था। भगवान श्रीराम का काम आज राहुल गांधी कर रहे हैं। मंदिर जाने वाले नेता दिखावा करते हैं। राहुल गांधी उनकी तरह नहीं हैं।”
नाना पटोले की बात बिल्कुल सही, तारिक अनवर
नाना पटोले के विवादित बयान के बाद कांग्रेस पार्टी कड़ी आलोचना झेल रही है। इस बीच तारिक अनवर ने नाना पटोले का समर्थन किया है। कांग्रेस नेता तारिक अनवर ने कहा कि नाना पटोले का बयान एकदम सही है। उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा। मेरी नजर में यह भगवान राम का अपमान नहीं है।
तारिक अनवर ने नाना पटोले का बचाव करते हुए कहा कि “राम ने रावण की लंका को तहस-नहस किया था। उसी तरह राहुल गांधी भी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं। इसलिए मेरी राय में नाना पटोले के बयान में कुछ भी अपमानजनक नहीं है।”
एक प्रचारक को प्रधान बनाया, पटोले
मीडिया से बातचीत के दौरान नाना पटोले ने RSS और प्रधानमंत्री पर भी हमला किया। कांग्रेस नेता ने कहा कि हमारे संविधान ने देश के बुनियादी तत्वों को मजबूत करने का काम किया है। लेकिन RSS ने ना तो संविधान स्वीकारा था और ना ही राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा को स्वीकार किया था। RSS ने 60 साल तक अपने कार्यालय में तिरंगा नहीं फहराया था।
साथ ही कांग्रेस नेता ने कहा कि “भाषणबाजी करके एक प्रचारक को देश का प्रधानमंत्री बनाया। इसके परिणामस्वरूप आज देश में महंगाई बढ़ती जा रही है, रुपया रोज गिरता जा रहा है, बेरोजगारी बढ़ती जा रही है और किसान बर्बाद होते जा रहे हैं।”


