दतिया में नववर्ष 2026 की शुरुआत श्रद्धा और आस्था के बीच: पीतांबरा माई, धूमावती माई के दर्शन के लिए सुबह 5 बजे से लगी कतारें, होटल और मंदिर क्षेत्र में भीड़ दतिया में न्यू ईयर की शुरुआत श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति और आस्था के माहौल में हुई। नए साल के पहले दिन श्री पीतांबरा माई और श्री धूमावती माई के दर्शन के लिए सुबह 5 बजे से ही भक्तों की लंबी कतारें लगीं। सर्द हवाओं के बीच देश-प्रदेश से पहुंचे श्रद्धालु जयकारों के साथ कतार में खड़े रहे। सिंह द्वार बंद होने के कारण प्रशासन ने पश्चिम द्वार, उत्तर द्वार और नवीन उत्तर द्वार से दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की। इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को प्रवेश सुचारु रूप से मिला और दर्शन प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई। होटल और धर्मशालाओं में बढ़ी भीड़ नववर्ष पर बढ़ी भीड़ का असर शहर के होटलों और धर्मशालाओं पर भी दिखा। लगभग सभी होटल और धर्मशालाएं पूरी तरह भरी रहीं। बाहर से आए श्रद्धालुओं ने पहले से ही ठहरने की बुकिंग कर रखी थी। सुबह से लेकर देर रात तक मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र भक्तों से भरा रहा। मंदिर क्षेत्र में फूल-माला, नारियल, चुनरी, अगरबत्ती और प्रसाद की दुकानों पर भारी रौनक देखने को मिली। डेढ़ करोड़ का कारोबार हुआ व्यापारियों ने बताया कि केवल फूल-माला और प्रसाद से ही लगभग डेढ़ करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। दुकानों पर लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और कई जगह देर रात तक खरीदारी जारी रही। प्रशासन और मंदिर समिति ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम किए। पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती के कारण दर्शन की प्रक्रिया सुचारु बनी रही। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण ढंग से दर्शन कर नए साल में सुख-समृद्धि की कामना की।


