उन्नाव–संडीला मार्ग पर बुधवार को औरास क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। धर्म कांटा के पास पेट्रोल पंप के सामने ट्रैक्टर और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर से ट्रैक्टर दो हिस्सों में बंटा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर के दो टुकड़े हो गए। ट्रैक्टर का इंजन और गियरबॉक्स अलग-अलग दूर जा गिरे। वहीं ट्रक के अगले हिस्से को भी काफी नुकसान पहुंचा है। बड़ा हादसा टलने की चर्चा स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि घटना के समय ट्रैक्टर या ट्रक के आगे-पीछे कोई अन्य वाहन होता, तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। सड़क पर कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हो गया। घायलों की जानकारी नहीं हादसे में किसी के घायल होने की फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने संभाला मोर्चा सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच जारी पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


