सागर में 31st और न्यू ईयर के जश्न को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 31 दिसंबर की रात से 1 जनवरी तक शहर और जिले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि जश्न में खलल डालने वालों और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। चौराहों पर चेकिंग, ब्रेथ एनालाइजर से जांच होटल-ढाबों और पिकनिक स्पॉट पर नजर संभावित भीड़ को देखते हुए होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, मॉल, पार्क, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की साइबर सेल नजर रख रही है। ASP बोले- शालीनता से मनाएं जश्न एडिशनल एसपी लोकेश सिन्हा ने लोगों से अपील की है कि वे नववर्ष का स्वागत शालीनता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा, “नशा करने और हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल-112 या 100 पर संपर्क करें।”


