सुल्तानपुर में एक महिला ने अपने पति को दूसरी पत्नी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में रंगे हाथ पकड़ा है। महिला का आरोप है कि उसका पति और ससुराल वाले उससे दहेज के लिए प्रताड़ित कर रहे थे और उसने चोरी-छिपे दूसरी शादी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर महिला थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता मधु, जो ग्राम खादर बसंतपुर, थाना कुड़वार, सुल्तानपुर की निवासी है, ने बताया कि उसकी शादी ऋषि भूषण पुत्र चंद्रभान, ग्राम अमिया, थाना गौरीगंज, जिला अमेठी के साथ 16 जून 2021 को हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार हुई थी। शादी में उसके मायके वालों ने लगभग पांच लाख रुपये खर्च किए थे। उनका एक बच्चा भी है, जिसका नाम रोनित गौरव है। मधु का आरोप है कि उसके पति के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे, जिसका विरोध करने पर उसे मारा-पीटा जाता था। पति और उसके परिवार के सदस्य, जिनमें ससुर चंद्रभान, सास केशरी, जेठ दिलीप व अनिल, देवर शशि भूषण व टाइगर शामिल हैं, उससे पांच लाख रुपये के दहेज की मांग कर रहे थे और उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। इसी बीच, मधु के पति ऋषि भूषण ने मोहम्मदपुर काजी, थाना बल्दीराय निवासी सलोनी पुत्री राकेश कुमार से चोरी-छिपे दूसरी शादी कर ली। मधु और उसके भाई ने 30 दिसंबर को सुल्तानपुर शहर के कृष्णानगर मोहल्ले में एक किराए के कमरे में दोनों को एक ही चारपाई पर पति-पत्नी के रूप में आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा। सलोनी भी पहले से शादीशुदा है और वह कुछ माह की गर्भवती भी है। मौके पर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस दोनों को कोतवाली नगर थाने ले गई। वहां से मामला महिला थाना सुल्तानपुर को भेज दिया गया। महिला एसओ हंसमती ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।


