हरदोई पुलिस नववर्ष पर अलर्ट, एएसपी ने संभाली कमान:शांति व्यवस्था बनाए रखने मुख्य मार्गों पर पैदल गश्त

हरदोई पुलिस नववर्ष पर अलर्ट, एएसपी ने संभाली कमान:शांति व्यवस्था बनाए रखने मुख्य मार्गों पर पैदल गश्त

हरदोई पुलिस नववर्ष 2026 के मद्देनजर जनपद में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क हो गई है। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर मंगलवार, 30 दिसंबर 2025 को कोतवाली शहर क्षेत्र के मुख्य मार्गों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की गई। इस दौरान आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया और संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखी गई। इस अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध गौतम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देर रात उन्होंने विभिन्न मोहल्लों में चौपाल लगाकर लोगों से संवाद किया। एएसपी गौतम ने नागरिकों को नए साल के दौरान शांति बनाए रखने, अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए जागरूक किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। एएसपी सुबोध गौतम ने बताया कि नववर्ष के जश्न में हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस नशे में वाहन चलाने, शराब पीकर सड़क पर उत्पात मचाने, सार्वजनिक स्थलों पर अभद्रता करने और सोशल मीडिया पर भड़काऊ या आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों पर विशेष नजर रख रही है। ऐसे मामलों में त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पैदल गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के साथ क्षेत्राधिकारी नगर और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली शहर भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनके सुझाव भी लिए।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नववर्ष को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं। किसी भी समस्या या आपात स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया गया है। पुलिस की इस सक्रियता से शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत दिखाई दे रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *