वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में चल रही अखिल भारतीय प्राइजमनी फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल में CISF दिल्ली ने यूपी इलेवन को हराकर चमचमाती ट्राफी पर कब्जा कर लिया। उसे जीतने पर दो लाख रुपए कैश भी मिले। CISF ने यूपी की टीम को टाई ब्रेकर में हराया। 90 मिनट में दोनों टीमें महज 1-1 गोल कर पाईं। जिसके बाद टाईब्रेकर हुआ और सीआईएसएफ ने यूपी को 3 के मुकाबले 4 गोल से हरा दिया। वहीं थर्ड प्लेस के लिए हुए मैच में उत्तराखंड ने सीआरपीएफ जालंधर को टाई ब्रेकर में 2 के मुकाबले 4 गोल से हरा दिया। और तीसरे स्थान पर रही। उसे 50 हजार कैश और चमचमाती ट्राफी मिली। सीआईएसएफ के आत्मघाती गोल से यूपी को मिली बढ़त वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में चल रही अखिल भारतीय प्राइजमनी आमंत्रण फुटबाल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शुरू से ही यूपी इलेवन ने अपना दबदबा बनाए रखा। यूपी इलेवन ने खेल शुरू किया तो अपना दबदबा बना लिया। तीसरे मिनट में सीआईएसएफ के डी एरिया के पास मिली फ्री हिट प्रशांत शाही ने ली जिसे क्लियर करने में सीआईएसएफ के मोहम्मद खालिद गलत दिशा में शॉट मारकर आत्मघाती गोल कर बैठे। उत्तर प्रदेश यहीं 1-0 से आगे हो गया। सातवें मिनट में मोहसिन खान ने गोल का प्रयास किया पर सीआईएसएफ के गोलकीपर ने उसे विफल कर दिया। पहले हाफ में यही स्कोर रहा और सीआईएसएफ की टीम गोल के लिए जूझती रही। इंज्युरी टाइम में हुई बराबरी सेकेंड हाफ में दोनों ही टीमों ने दमदार प्रदर्शन किया और दोनों ही के खिलाड़ियों ने गोलपोस्ट पर हमला जारी रखा लेकिन किसी भी टीम को गोल करने का मौका नहीं मिला। इंज्युरी टाइम 90+8 मिनट में सीआईएसएफ के खिलाड़ी दूसरे ही मिनट में बराबरी करने से चूक गए। खेल के 97वें मिनट में सीआईएसएफ के वासू ने यूपी टीम की रक्षापंक्ति को भेद कर शानदार गोल किया और अपनी टीम को एक-एक की बराबरी पर ला खड़ा किया। टाई ब्रेकर में सीआईएसएफ ने जीता मैच इसके बाद टाईब्रेकर हुआ। जिसमें सीआईएसएफ ने 3 के मुकाबले 4 गोल से यूपी इलेवन को हराकर यह मुकाबला जीता और चमचमाती ट्राफी पर कब्जा जमा लिया। विजेता टीम को कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने चमचमाती ट्राफी दी और सम्मानित किया। साथ ही 2 लाख का चेक भी दिया गया। इसके अलावा यूपी को 1 लाख और थर्ड प्लेस उत्तराखंड को 50 हजार का चेक मिला।


