इंडिया विमेंस ने तीसरी बार 5-0 से टी-20 सीरीज जीती:श्रीलंका को 15 रन से पांचवां मैच हराया, कप्तान हरमनप्रीत की फिफ्टी

इंडिया विमेंस ने श्रीलंका को पांचवें टी-20 में 15 रन से हराकर सीरीज 5-0 से जीत ली। टीम ने तीसरी बार 5-0 के अंतर से टी-20 सीरीज जीती, इससे पहले टीम वेस्टइंडीज और बांग्लादेश को भी इसी अंतर से हरा चुकी है। तिरुवनंतपुरम में मंगलवार को श्रीलंका ने बॉलिंग चुनी। भारत ने 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। श्रीलंका 7 विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना सकी। ग्रीनफील्ड स्टेडियम में भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने फिफ्टी लगाई। उन्होंने 43 गेंद पर 9 चौके और 1 छक्का लगाकर 68 रन बनाए। अरुंधति रेड्डी ने 27 और अमनजोत कौर ने 21 रन बनाए। श्रीलंका से चमारी अटापट्टू, कविषा दिलहारी और रश्मिका सेवांदी ने 2-2 विकेट लिए। श्रीलंका ने लगातार विकेट गंवाए
श्रीलंका ने दूसरे ही ओवर में कप्तान चमारी अटापट्टू का विकेट गंवा दिया। यहां से हसिनी परेरा और इमेशा दुलानी ने 79 रन की पार्टनरशिप की। इमेशा 50 रन बनाकर आउट हुईं, यहां से श्रीलंकाई पारी संभल ही नहीं सकी और टारगेट से दूर रह गई। हसिनी परेरा ने 65 रन बनाए। भारत से श्री चरणी, स्नेह राणा, वैष्णवी शर्मा, दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी और अमनजोत कौर ने 1-1 विकेट लिया। एक बैटर रन आउट भी हुईं। 2 वेन्यू पर खेले गए 5 टी-20
शुरुआती 2 टी-20 विशाखापट्टनम और आखिरी 3 टी-20 तिरुवनंतपुरम में खेले गए। भारत पहला मैच 8 विकेट, दूसरा 7 विकेट और तीसरा भी 8 विकेट से जीता। फिर चौथे मुकाबले 30 रन से जीत दर्ज करने के बाद पांचवां मैच 15 रन से अपने नाम कर लिया। शेफाली टॉप स्कोरर रहीं
भारत की शेफाली वर्मा टॉप स्कोरर रहीं, उन्होंने 5 टी-20 में 80.33 की औसत से 241 रन बनाए। उन्होंने 36 चौके और 5 छक्के लगाए। श्रीलंका से हसिनी परेरा टॉप स्कोरर रहीं, उन्होंने 33 की औसत से 165 रन बनाए। गेंदबाजों में भारत की दीप्ति शर्मा, वैष्णवी शर्मा और श्री चरणी ने 5-5 विकेट लिए। वहीं श्रीलंका से कविषा दिलहारी टॉप विकेट टेकर रहीं, उन्होंने भी 5 ही विकेट अपने नाम किए। दोनों टीमों की प्लेइंग-11 भारत: शेफाली वर्मा, जी कमलिनी, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, स्नेह राणा, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा और श्री चरणी। श्रीलंका: चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, इमेशा दुलानी, कविषा दिलहारी, निलाक्षी डी सिल्वा, कौशिनी नुथयांगना, रश्मिका सेवांदी, मालकी मदारा, इनोका रणवीरा, निमाषा मदुशानी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *