करौली/हिण्डौनसिटी. ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के मामले में पुलिस कार्रवाई को तेज कर आरोपियों पर शिकंजा कसती जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गिरफ्तार किए गए चार आरोपियों से रिमांड पर सघन पूछताछ के बाद मंगलवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी, करौली नगरपरिषद की पूर्व सभापति रसीदा खातून के पुत्र व पूर्व मनोनीत पार्षद अमीनुद्दीन खान के करौली स्थित आवासों पर बड़ी दबिश दी। इस दौरान भारी संख्या में हथियारबंद पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। करौली जिला मुख्यालय पर नदी दरवाजा और ढोली खार क्षेत्र में स्थित दो आवासों पर हुई सर्च कार्रवाई में पुलिस ने सट्टे के अवैध कारोबार से जुड़े दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त किए।
हिण्डौन डीएसपी मुनेश कुमार ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया में आईपीएल की तर्ज पर चल रहे बिगबैस लीग क्रिकेट मैच पर ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने 26 दिसंबर को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में नाम सामने आने पर अगले दिन ही मुख्य आरोपी अमीनुद्दीन खान को करौली से गिरफ्तार कर लिया गया। करीब एक घंटे तक चली इस संयुक्त कार्रवाई में चार पुलिस उपाधीक्षकों के नेतृत्व में करौली और हिण्डौन क्षेत्र के आठ थानों की पुलिस टीमों ने जांच-पड़ताल की। पुलिस ने मुख्य आरोपी के सहयोगियों के आवासों को भी भी सर्च अभियान के दायरे में लिया गया है।
सरगना का रिमांड बढ़ाया, एक आरोपी जेल भेजा : डीएसपी मुनेश मीना ने बताया कि मंगलवार शाम को मुख्य आरोपी अमीनुद्दीन को अवकाशकालीन मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे फिर से दो दिन पुलिस रिमांड दिया गया। वहीं, पूर्व में गिरफ्तार आरोपी राजेश उर्फ कल्ला को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया, जबकि प्रशांत और सोएब से पूछताछ जारी है।


