रीवा में नए साल के जश्न के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंगियों व नशेड़ियों पर सख्त नजर रखने के लिए पुलिस ने जिलेभर में विशेष सुरक्षा योजना लागू की है। इस योजना के तहत जिले के हर थाने में दो-दो चेकिंग पॉइंट बनाए गए हैं, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। वहीं, शहर में पांच प्रमुख स्थानों पर शराबियों और हुड़दंगियों की धरपकड़ की जाएगी। जबकि तेज आवाज में शोर शराबा करने और नए साल में नशे की बिक्री करने वाले होटल संचालकों पर शिकंजा कसा जाएगा। इन चौक-चौराहों पर रहेगा चेकिंग पाइंट्स पुलिस के मुताबिक शहर के सिरमौर चौराहा,समान चौराहा, ढेकहा चौराहा, पुराना बस स्टैंड और चोरहटा को मुख्य चेकिंग पॉइंट के रूप में चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर देर रात तक विशेष बल तैनात रहेगा। आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जाएगी, साथ ही नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ब्रेथ एनालाइजर से जांच, लाइसेंस और वाहन दस्तावेजों की भी गहन पड़ताल की जाएगी। ग्रामीण और शहरी थाना क्षेत्रों में बनाए गए चेकिंग पॉइंट्स पर पैदल और मोबाइल पेट्रोलिंग टीमों को सक्रिय किया गया है। अगले तीन दिनों तक पूरे जिले में पुलिस की गश्त दिन-रात लगातार जारी रहेगी, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस कंट्रोल रूम से हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। एसपी शैलेंद्र सिंह की अपील- नियमों का पालन करें पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह ने कहा कि नए साल के मौके पर शांति और सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हुड़दंग, नशे में वाहन चलाने या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें, सुरक्षित तरीके से उत्सव मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।पुलिस की इस सख्ती का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नए साल का स्वागत सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में हो, ताकि आमजन बिना किसी भय के जश्न मना सकें।


