प्रयागराज में कपड़ा कारोबारी से सरेशाम गन पॉइंट पर लूट की वारदात के दो ओर वीडियो सामने आए हैं। इससे पता चला कि लुटेरों ने महज 2.09 मिनट के भीतर एक लाख की लूट की वारदात अंजाम दी। इसके साथ ही वारदात के दौरान दुकान के भीतर और बाहर उन्होंने कुल 9 मिनट 53 सेकेंड का वक्त बिताया। तीन लुटेरों में से दो ने मफलर जबकि एक ने मास्क से अपना चेहरा ढंक रखा था। फिलहाल तीन दिन बाद भी लुटेरे अब तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। 26 दिसंबर को नवाबगंज के लालगोपालगंज में यह वारदात हुई थी। इसका CCTV फुटेज भी सामने आया था। अब दो नए वीडियो सामने आने से नई जानकारी सामने आई है। पता चला है कि लुटेरे शाम 6:16 मिनट और नौ सेकेंड पर दुकान में दाखिल हुए। जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद 6:18:44 सेकेंड पर वह वारदात को अंजाम देकर निकल भागे। पहले वीडियो से क्या सामने आया
यह वीडियो वारदात से ठीक पहले उस वक्त का है जब बदमाश दुकान के बाहर पहुंचे। इस वीडियो से पता चला कि लुटेरों ने दुकान के भीतर और बाहर कुल 09:53 मिनट का वक्त बिताया। 06:08 मिनट और 51 सेकेंड पर एक बदमाश बाइक से दुकान के बाहर पहुंचता है और वहीं बाइक लगाकर खड़ा हो जाता है। 6:14 मिनट और 14 सेकेंड पर वह बाइक लेकर आगे बढ़ जाता है और दुकान से कुछ आगे जाकर बाइक खड़ी कर वापस लौटता है। दूसरी ओर से उसके दो और साथी भी आते हैं। इसके बाद तीनों दुकान में दाखिल हो जाते हैं। दूसरा वीडियो दुकान के भीतर का
दूसरा वीडियो दुकान के भीतर का है। इसमें दिखाई दे रहा है कि दुकान के भीतर दाखिल होने से पहले ही तीनों असलहे निकाल लेते हैं। इसके बाद तीनों बदमाश भीतर आते हैं। इनमें से एक बदमाश कर्मचारी अमन अंसारी पर असलहा तानकर हाथ ऊपर करने को कहता है जबकि उसके दोनों साथी कैश काउंटर पर बैठे मालिक दिलीप केशरवानी की ओर बढ़ जाते हैं। इनमें से एक दिलीप को गन पॉइंट पर बंधक बना लेता है और फिर उसका तीसरा साथी काउंटर से कैश लूटता है और फिर तीनों भाग निकलते हैं। प्रयागराज की ओर से आए बदमाश
वीडियो से यह भी पता चला है कि लूट करने वाले बदमाश नवाबगंज की ओर से आए। घटना के वक्त दुकान में कुल तीन लोग थे जिनमें मालिक दिलीप व कर्मचारी अमन के अलावा राजीव नाम का एक तीसरा कर्मचारी भी था। मालिक ने पुलिस को बताया कि राजीव दुकान में दूसरी ओर था। अब तक की कार्रवाई
पुलिस घटना के तीन दिन बाद भी अब तक लुटेरों को पकड़ नहीं कर सकी है। हालांकि पुलिस का कहना है कि लुटेरों को चिह्नित कर लिया गया है और जल्द ही वह गिरफ्त में होंगे। डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि कुछ अहम सुराग मिले हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


